बदायूँ: लॉकडाउन से प्रभावित प्रवासी श्रमिकों और कामगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन जुट गया हैै। डीएम ने रोजगार उपलब्ध कराने वाले श्रम, एनआरएलएम, उद्योग, मनरेगा, कौशल विकास, खादी, ग्राम्य उद्योग आदि विभागोें के अधिकारियों के साथ बैठक कर बताया कि प्रदेश सरकार का उदेश्य है कि हर हाथ को काम मिले, इसके लिए हमारा प्रयास जारी है।
गुरुवार को जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत सहित रोजगार उपलब्ध कराने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रभावी मजदूरों की रोजगार व अन्य सम्बंधित समस्याओं के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका नम्बर 7505395940 है। उपायुक्त उद्योग जैस्मिन को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। लॉकडाउन से प्रभावित प्रवासी श्रमिक और कामगार अपनी कुशलता के क्षेत्र के सम्बंध में फोन पर अवगत करा सकते हैं, जिसके आधार पर उनका डाटा फीड कर प्रभावित प्रवासी श्रमिक और कामगार को उनकी सम्बंधित कुशलता के क्षेत्र में रोजगार मुहैया कराया जाएगा।