स्कूल प्रबंधक ने तीन माह की फीस माफ कर अभिभावकों को दी राहत

कछौना (हरदोई) : कोरोना संक्रमण काल में सरकार द्वारा लगाए गए लॉकडाउन में हर वर्ग आर्थिक रूप से प्रभावित हुआ है। आमजनमानस को इस संकट से उबारने के लिए सरकार ने कई प्रकार से सहयोग किया है। सरकार के साथ साथ कई लोगों, सस्थानों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाकर आम लोगों को राहत प्रदान की है। कई निजी स्कूलों ने भी सरकार के अनुरोध पर फीस माफी की घोषणा कर अध्ययनरत छात्र छात्राओं सहित उनके अभिभावकों की आर्थिक रूप से मदद की है।

कछौना नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित कई स्कूल प्रबंधकों ने भी तीन महीनों की फीस ना लेने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में कछौना विकासखंड के ग्राम कटियामऊ गढ़ी में स्थित श्री जगन्नाथ सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज की प्रबंधक श्रीमती मिथिलेश सिंह ने भी कोविद-19 के दृष्टिगत बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अप्रैल, मई, जून महीने का शिक्षण शुल्क ना लेने की घोषणा की। स्कूल प्रबंधक मिथिलेश सिंह ने बताया कि कोरोना आपातकाल में स्कूल प्रबंधन ने जनहित में तीन महीनों की फीस ना लेने का निर्णय लिया है। जिससे अध्ययनरत छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को आर्थिक रूप से रियायत मिल सकेगी। विद्यालय प्रबंधन सभी के सुख दुख में सदैव साथ खड़ा है। साथ ही बताया कि हमारे विद्यालय में एक जुलाई से प्रवेश की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। प्रवेश हेतु अभिभावकगण किसी भी कार्यदिवस में प्रातः 08:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विद्यालय के संस्थापक अनिल कुमार सिंह से मोबाइल नंबर 9838426565 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगर