शाहाबाद-सांडी मार्ग का हुआ शिलान्यास, विधायक रजनी तिवारी ने हॉटमिक्स प्लांट का भी शुभारंभ किया

हरदोई /शाहाबाद : क्षेत्रीय विधायिका रजनी तिवारी ने शाहाबाद-सांडी के बीच करीब 38 किमी. मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने हॉटमिक्स प्लांट का शुभारंभ भी किया। ज्ञातव्य है कि शाहाबाद से सांडी के बीच की सड़क को दुरस्त करने और उसके चौड़ीकरण की मांग लम्बे समय से जनता के द्वारा होती आयी है, इस मांग को विधायिका रजनी तिवारी ने जोर शोर से सीएम योगी के सामने उठाया था। जिसके चलते इस सड़क के चौड़ीकरण और दुरुस्त करने का फरमान सीएम ने जारी कर दिया था।

इसी क्रम में 38 किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास और हॉटमिक्स प्लांट का शुभारंभ आज विधायिका रजनी तिवारी द्वारा विधि-विधान से पूजन करके किया गया। इस सड़क के दुरुस्त व चौड़े होने से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

इस मार्ग के निर्माण कार्य को स्वीकृत करने के लिए रजनी तिवारी ने सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का आभार व्यक्त किया है।

इसके साथ ही आज विधायिका ने दलेलनगर गांव से बूढ़नपुर तक के सम्पर्क मार्ग का भी शिलान्यास किया। उन्होंने ग्राम प्रधान सर्वेश सिंह के साथ उनकी ग्राम पंचायत दलेलनगर के निवासियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाओं के संबंध में लोगों को जागरूक भी किया।

इस अवसर पर साथ में प्रधान संघ के अध्यक्ष मनोज मिश्रा, परेली ग्राम प्रधान गोविंद पाठक, ऊधरनपुर ग्राम प्रधान त्रिपुरेश मिश्रा, ग्राम प्रधान शिरोमणिनगर राकेश अवस्थी, सिद्धान्त मिश्रा, सुधीर सिंह, पुत्तने सिंह, अवनीश अग्निहोत्री और लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों सहित अन्य लोग रहे।

Indian voice24 से आशुतोष अवस्थी की रिपोर्ट