- दो वर्ष पूर्व ही लोक निर्माण विभाग द्वारा की गई थी इस मार्ग की मरम्मत
- सड़क के दोनों तरफ जल निकासी न होने से मार्ग की हो रही दुर्दशा, आवागमन दुष्कर
कछौना (हरदोई): क्षेत्र में बालामऊ जँ. रेलवे स्टेशन मार्ग से कुकुही, गाजू, टिकारी होते हुए बेनीगंज, नैमिषारण्य को जाने वाले मार्ग पर बालामऊ जँ. मुख्य रेलवे क्रासिंग से गाजू तिराहा होते हुए लाला हरीराम भारतीय इंटर कॉलेज तक मार्ग अत्यंत जर्जर व गड्ढोंयुक्त हो गया है। 2 वर्ष पूर्व (अक्टूबर 2020 में) ही इस मार्ग की मरम्मत लोक निर्माण विभाग द्वारा कराई गई थी। एक वर्ष भी नहीं बीता कि मार्ग पूरी तरह जर्जर हालत में पहुंच गया है।
सड़क के दोनों तरफ जलनिकासी न होना भी सड़क की दुर्दशा का कारण बना है, सड़क के किनारे आवास करने वाले लोग अपने घरों में लगे समरसेबल पंप से अंधाधुंध पानी को सड़क पर बहाते देखे गये हैं, ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्यवाही का प्रावधान है, जिससे मार्ग पूरी तरह उखड़ कर ऊबड़-खाबड़ व बड़े-बड़े गड्ढेयुक्त हो गया है एवं लोगों को आवागमन में बहुत ही कठिनाई का सामना करना पड़ता है। गड्ढेयुक्त मार्ग से लोग कई बार दुर्घटना का भी शिकार हो चुके हैं।
चूंकि यह मार्ग बेनीगंज होते हुए पवित्र धाम नैमिषारण्य व मिश्रिख, सण्डीला व हरदोई को जाता है इसलिए इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है।
कुकुही ग्रामसभा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निर्भय राजवंशी की अगुवाई में दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को लिखित पत्र प्रेषित कर शीघ्र ही इस मार्ग के दोनों तरफ जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कर जर्जर एवं गड्ढेयुक्त मार्ग के जीर्णोद्धार की मांग की है।
रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता