जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए फेस रिकग्निशन तकनीक ऐप के बारे में जानकारी देने के लिए आज हैदराबाद में केन्द्र सरकार के पेंशनभोगियों के लिए एक विशेष शिविर लगाया गया। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग-डीओपीपीडब्ल्यू के अधिकारियों ने स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में पेंशनभोगियों को नई प्रौद्योगिकी के बारे में जानकारी दी। उन्हें अपने मोबाइल फोन में यह ऐप डाउनलोड करने और अपने फोन से जीवन प्रमाण पत्र देने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया ।
पंजीकृत पेंशनर्स एसोसिएशन, “जनरल ऑफिस पेंशनर्स एसोसिएशन” के 100 से ज्यादा सदस्यों ने शिविर में भाग लिया। अधिकारियों ने सभी पेंशनभोगियों से अनुरोध किया है कि वे विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल – DOPPW_INDIA OFFICIAL पर जाएं, जहां हिंदी और अंग्रेजी में दो वीडियो अपलोड किए गए हैं, जिसमें सरल भाषा में प्रमाणीकरण तकनीक के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को समझाया गया है।