रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला युवक का शव, पर्स में मिली भाई के नंबर की पर्ची से हुई पहचान

हरदोई:-  देहात कोतवाली क्षेत्र के रामनगर हाल्ट के पास रविवार देर रात एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस काफी समय के बाद मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाया। युवक की पर्स में में भाई का मोबाइल नंबर लिखी पर्ची से उसकी पहचान हो सकी।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम महुआचाचर निवासी कमलेश पुत्र छेदालाल ने युवक की पहचान अपने भाई नीरज (24) के रूप में की। उन्होंने बताया कि नीरज तीन भाइयो में दूसरे नंबर पर था। उनका भाई भगवानदीन गाजियाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। 15 दिन पूर्व नीरज गाजियाबाद काम करने के लिए गया था। शनिवार को नीरज बिना बताया गाजियाबाद से निकल आया। रविवार की देर रात उसका शव देहात कोतवाली क्षेत्र के रामनगर हाल्ट पर पड़ा मिला। नीरज के पास कुछ रुपये और भगवानदीन का मोबाइल नंबर लिखी एक पर्ची मिली थी। जिससे पुलिस ने सम्पर्क किया और परिजनों को घटना की सूचना दी।
हादसा या हत्या में उलझेगा मामला: नीरज ट्रेन से गिरा होगा तो उसका शव ट्रैक से दूर पड़ा मिलता लेकिन उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा था। वहीं नीरज गाजियाबाद से निकला तो उसे हरदोई रेलवे स्टेशन पर उतर जाता लेकिन उसका शव हरदोई रेलवे स्टेशन से आगे रामनगर हाल्ट पर पड़ा मिला और उसके सिर के दाहिनी ओर चोट लगी थी और पूरे शरीर पर कहीं पर भी चोट के निशान नहीं थे। जिससे हादसा या हत्या के बीच मामला उलझ रहा है।
साहब के इंतजार में खड़ी रहीं डेढ़ घंटे ट्रेनें: रामनगर हाल्ट स्टेशन मास्टर ने ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद रामनगर हाल्ट पर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी हो गई। ट्रेन खड़े होने की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन देहात कोतवाली पुलिस वहां पर नहीं पहुंची और साहब के इंतजार में डेढ़ घंटे तक काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन वहीं पर खड़ी रही और उसके पीछे पंजाब एक्सप्रेस, लखनऊ मेल समेत कई ट्रेने खड़ी रहीं।