दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई) – कोतवाली कछौना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर ग्राम टुटियारा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटना में घायल युवक को उपचार हेतु सीएचसी कछौना लाया गया । सीएचसी कछौना में चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार कर हालत गम्भीर देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई ।
मिली जानकारी के अनुसार विकासखंड कछौना के ग्राम चौहानखेड़ा निवासी युवक सोनू सिंह (25) पुत्र सत्यपाल सिंह, जो औद्योगिक क्षेत्र संडीला स्थित आईपीएल फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य करता था । गुरुवार की रात नाइट शिफ्ट में मजदूरी करके शुक्रवार की सुबह मोटरसाइकिल से अपने साथी के साथ घर वापस लौट रहा था । इसी दौरान लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर ग्राम टुटियारा के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गम्भीर रूप से घायल हो गया, इस दुर्घटना में उसके साथी को भी हल्की फुल्की चोट आई । राहगीरों के द्वारा सूचना देने पर पहुंची डायल 100 पुलिस के द्वारा घायल युवक सोनू सिंह को उपचार के लिए समुदायिक स्वस्थ केंद्र कछौना लाया गया । जहां चिकित्सक द्वारा घायल युवक का प्राथमिक उपचार करते हुए उसके सिर में आई गम्भीर चोट को देखते हुए ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया । ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक सोनू सिंह की मृत्यु हो गई । दोपहर को युवक की मृत्यु की खबर आते ही परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा । युवक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है ।