दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना(हरदोई)। कोतवाली कछौना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा कछौना के मोहल्ला तिलक नगर में एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में हुई किसान की मौत से मृतक किसान के पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली कछौना की ग्रामसभा दलेलनगर समोधा निवासी शिशुपाल राठौर (45) पुत्र बच्चू रविवार को किसी आवश्यक कार्य हेतु कस्बा कछौना के मोहल्ला तिलक नगर में अपने परिजनों के यहाँ आया हुआ था। दोपहर को जब वह घर से निकले तभी कस्बा निवासी एक अधिवक्ता की अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आ आने से वह बुरी तरह चोटग्रस्त होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर कछौना में रह रहे रिश्तेदारों के द्वारा बुरी तरह घायल किसान को समीप स्थित सीएचसी कछौना ले जाया गया। जहां पर उसकी हालत गंभीर देखते हुये चिकित्सक ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रिफर कर दिया। जहाँ रास्ते में जाते समय घायल किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पूरे मामले की लिखित सूचना/तहरीर कोतवाली कछौना में दी है। इस दर्दनाक घटना से मृतक किसान के परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक की पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।