हरदोई थाना क्षेत्र के लिलवल गांव में अपनी मां को गालियां दे रहे एक सिरफिरे को मना करने पर उसने अपने चाचा पर लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। दो राउंड फायरिंग में घर के बाहर खेल रही एक नौ साल की बच्ची भी घायल हो गई। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया गया है कि रमेश किसी बात को लेकर नशे की हालत में अपनी मां को गाली गलौच कर रहा था। उसके चाचा आशाराम ने उसे इसी बात को लेकर टोक दिया। दोनो में बात बढ़ गई और मामला गरमा गया। आरोप है कि रमेश अपनी लाइसेंसी बंदूक उठा लाया और आशाराम पर फायर कर दिया,गोली आशाराम के पेट मे जा लगी और वह गिर पड़े,रमेश ने दूसरा फायर भी किया गोली चौकीदार कमलेश की पुत्री रजनी की कोख में जा लगी। फायरिंग की सूचना मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया,आरोपित रमेश बंदूक एक गन्ने के खेत मे फेंककर भागने लगा लेकिन उसके दूसरे चाचा सुखराम ने उसे पकड़ लिया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई सुखराम ने रमेश को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने फेंकी गई बन्दूक को भी खेत से बरामद कर लिया।एसओ फूलचंद्र ने बताया कि नशे की हालत में रमेश ने अपने चाचा को गोली मार दी,उसे गिरफ्तार कर लिया गया है कार्रवाई की जा रही है।