हरदोई- कोतवाली शहर इलाके में एक गर्भवती शिक्षिका को उसी के स्कूल के प्राचार्य ने अपने रिटायर्ड प्राचार्य पिता के साथ मिलकर मारा पीटा। पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ बदसलूकी करते हुए उसके साथ छेड़खानी की गई और घसीट कर ले जाया जा रहा था लेकिन उसके शोर मचाने पर लोगों ने बचा लिया। एसपी ने मामले में कार्यवाई के आदेश दिए है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कोयलबाग कालोनी निवासी एक महिला शिक्षिका का आरोप है कि वह 2011 से शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के लड़ैती देवी आदर्श विद्यालय ककरघटा में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात है और पढ़ाती चली आ रही है। शिक्षिका का आरोप है की स्कूल के प्राचार्य पुरुषोत्तम बाजपेई व उनके रिटायर्ड प्राचार्य पिता मेवाराम बाजपेई जालसाज किस्म के है और अपने स्कूल के सभी अखिलेख अपने कब्जे में रखते है जिसके साथ ही अन्य मामलों को लेकर एक शिकायत बीएसए से की गयी थी लेकिन कोई कार्यवाई नही की गई।
शिक्षिका का आरोप है कि वह अपने स्कूल से शिक्षण कार्य करके निर्मला नर्सिंग होम में प्रसूति विशेषज्ञ के पास अपने गर्भस्थ शिशु की जांच कराने गई थी जहां यह दोनों लोग अपने अन्य साथियों के साथ उग्र रूप से आये और उसके साथ बदसलूकी करते हुए पेट पर लात मार दी छेड़खानी कर घसीटने लगे। जब वह चिल्लाई तो सड़क पर निकल रहे लोगों ने उसको बचाया।
एसपी के पास पहुंची पीड़िता ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उसके साथ हुई घटना से वह अत्यधिक परेशान है और पीड़ा बढ़ गयी है जिसका प्रभाव उसके गर्भस्थ शिशु पर भी पड़ सकता है। एसपी से उसने कार्यवाई की मांग की। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले में जांच व कार्यवाई के आदेश दिए गए है।