- हरदोई में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने पहुंचे सीएम योगी का बयान, बोले नामुमकिन को मुमकिन करने का नाम मोदी ।
- देश की सेना के जवानों को नमन ।
- सेना ने साबित कर दिया अगर किसी ने देश की ओर आंख उठाई तो ईंट का जवाब पत्थर से देंगे ।
- देश की सीमा की सुरक्षा करते 41 जवानों को धोखे से मारने वाले गुनहगारों के घर में घुसकर 400 से ज्यादा गद्दारों का काम तमाम किया ।
- इतनी त्वरित गति से पाक के बिल में घुसकर मारना सिर्फ मोदी के वश में ।
- हमने बिना जाति, मजहब व भेदभाव के योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाया ।
- सपा व बसपा ने प्रदेश को बर्बाद किया ।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, यूपी के स्वास्थ्य मंत्री आशुतोष टण्डन भी रहे मौजूद ।
हरदोई- गौराडाण्डा में मेडिकल कॉलेज के साथ अन्य योजनाओं के शिलान्यास लोकार्पण में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान सीमा के अंदर जाकर भारतीय वायुसेना के आतंक के अड्डों को ध्वस्त करने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साहस को सलाम किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को भी संबोधित करते हुए कहा कि दुश्मन की मांद में घुसकर उसे जवाब देना सिर्फ मोदी जानते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नमुमकिन को मुमकिन करने का नाम है नरेंद्र मोदी। उन्होंने कहा कि किसी भी काम को करने के लिए कार्य करने की इच्छाशक्ति होनी चाहिए। यह मजबूत इच्छाशक्ति सिर्फ नरेंद्र मोदी में है। हरदोई में मेडिकल कॉलेज के बारे में कभी सोचा भी नहीं गया था। यहां पर भी इस काम को मोदी जी इसे मुमकिन कर दिखाया है।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि जिस गरीब के पास रसोई गैस का कनेक्शन नहीं था उसे प्रधानमंत्री मोदी ने गैस कनेक्शन दिया और जिसके पास बिजली कनेक्शन नहीं था उसके पास बिजली पहुंची।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार से पहले काम करने वाले लोग विकास के लिए नहीं विनाश के लिए हैं। यहां पर तो पहले पर्व और त्योहार को मानने से रोका जाता था लेकिन अब नहीं। समाजवादी पार्टी के समय में सिर्फ 20 हजार लोगों को आवास दिए गए थे, लेकिन सरकार बनने से अब तक हमने यहां लोगों ने नौ लाख परिवारों को आवास देने का काम किया है। अब बिजली कनेक्शन के लिए बिजली विभाग के चक्कर नहीं काटना पड़ता है। सपा-बसपा की सरकार में बिजली कनेक्शन करने के लिए 15-20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जाती थी। अब तो सब कुछ बदल रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इससे पहले भी प्रयागराज में भी कुंभ होता था। तब कुछ न कुछ दुर्घटनाएं जरूर होती थीं, अराजकता होती थी, लेकिन इस बार कुंभ भव्य और दिव्य हो रहा है। आज प्रदेश का माहौल बदल गया है, बहन-बेटियां सुरक्षित हैं। अब दंगे फसाद नहीं हो रहे हैं। गुंडे अब गले में तखतियां लटका के चल रहे हैं कि एक बार जान बख्श दो अब कभी कुछ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की सरकार कह सकती है कि अगर गरीबों का शोषण करोगे तो तुम्हारी जगह जेल में होगी।सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का बनना बहुत बड़ी बात होती है। इसके बनने से जहां बेहतर चिकित्सा तो मिलेगी ही यहां के युवाओं को घर के नजदीक शिक्षा का मौका भी मिलेगा। वर्षों से यहां के लोगों की मांग थी कि जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा हो। आज हरदोई की मांग पूरी हुई है।
मोदी सरकार हर जिले में दो-दो लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस लगाना चाहती थी, लेकिन पिछली प्रदेश सरकार ने नहीं लगने दी। मोदी सरकार जिला अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध करवा रही है। भाजपा की सरकार ने किसी जात-पात, धर्म के आधार पर किसी योजना का फायदा लोगों को नहीं पहुंचाया। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास पर काम कर रही है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आयुष्मान योजना दुनिया का सबसे बड़ी हेल्थ स्कीम है। आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी मेडिकल केयर की योजना है जो कई देशों की जनसंख्या से ज्यादा लोगों को फायदा पहुंचा रही है। इससे पहले प्रदेश के 56 हजार लोगों को आयुष्मान भारत के तहत लाभ नहीं मिल रहा था, लेकिन हम लोगों ने कोशिश की और इनका नाम इस योजना से जुड़वा दिया।आयुष्मान योजना के तहत यूपी में 32 हजार लोगों का इलाज अब तक हो चुका है। जिनके पास इलाज के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी उनके लिए मोदी जी ने पांच लाख रुपया का इलाज मुफ्त कर दिया है। अटल जी सरकार में आए तो प्रदेश को पांच मेडिकल कॉलेज दिए और अब आपने भरपूर मत के साथ मोदी जी को जिताया तो यूपी में 13 मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। हर तीन लोकसभा जिनके बीच में कोई मेडिकल कॉलेज नहीं हैं, उनमें नए मेडिकल कॉलेज खोलने का तय किया गया है।