टेलीकॉम कंपनी एयरटेल की नेटवर्क समस्या से नगर के उपभोक्ता कई महीनों से परेशान

कछौना-हरदोई– कस्बा कछौना के एयरटेल उपभोक्ता पिछले आठ माह से मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान हैं । लेकिन टेलीकॉम कंपनी उपभोक्ताओं की इस बड़ी परेशानी पर ध्यान नहीं दे रही है । जिस पर जागरूक उपभोक्ताओं ने मामले की शिकायत जनसुनवाई के माध्यम से जिलाधिकारी की है ।

अपने आपको भारत का नंबर वन नेटवर्क व सेवा प्रदाता बताने वाली टेलीकॉम कंपनी एयरटेल को जैसे उपभोक्ताओं की समस्या से कोई मतलब ही नही है । कस्बा कछौना के उपभोक्ताओं को पिछले कई महीनों से नेटवर्क की समस्या से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन टेलीकॉम कंपनी एयरटेल के जिम्मेदार अधिकारी कान में तेल डालकर बैठे हैं । कई बार शिकायत किए जाने पर भी समस्या का निवारण नहीं हो सका है और नेटवर्क की समस्या ज्यों की त्यों बरकरार है । उपभोक्ताओं के अनुसार नेटवर्क समस्या के कारण सुबह का मैसेज रात में मिलता है और दस बार कॉल करने पर भी कॉल नहीं होती है । बात करते समय अचानक कॉल डिसकनेक्ट होना भी आम बात है । उपभोक्ताओं के मोबाइल से नेटवर्क घंटों गायब हो जाता है । एक तरह से ब्लैक आउट की स्थिति बन चुकी है । क्षेत्र के एयरटेल नेटवर्क यूजर कॉल ड्रॉप और सिग्नल जैसी समस्या से गुजर रहे हैं । कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही व अनदेखी से परेशान क्षेत्रीय उपभोक्ताओं ने मामले की शिकायत जनसुनवाई के माध्यम द्वारा जिलाधिकारी से की है  जिस पर हरकत में आए टेलीकॉम कंपनी एयरटेल के अधिकारियों का कहना है कि वह समस्या को हल करने में लगे हुए हैं बहुत जल्द ही स्थिति पर काबू पा लिया जाएगा ।