सोल्जर बोर्ड चौराहे से अमर जवान स्मारक को शहीद उद्यान में किया गया स्थानान्तरित

ब्रिगेडियर चन्द्र शेखर अग्रवाल ने समर्पित किया पुष्पचक्र

हरदोई- नगर के सोल्जर बोर्ड चौराहे से हटाये गये अमर जवान स्मारक की शहीद स्मारक के पास ससम्मान स्थापना हो जाने पर आज अमर जवान स्मारक स्थल पर मुख्य अतिथि सिख लाइव इन्फैंटी रेजीमेंट कामांडेंट ब्रिगेडियर चन्द्र शेखर अग्रवाल ने अमर जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर सलामी ली।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल ओपी मिश्रा, पूर्व सैनिक वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक अग्निहोख, शहीद उद्यान सेमरिया के अध्यक्ष अभय शंकर गौड़ तथा अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद रवि शंकर शुक्ल ने भी अमर जवान स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर जवानों को सलामी दी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अग्रवाल ने अमर जवान स्मारक को शहीद उद्यान में स्थापित कराने पर डीएम एमपी सिंह तथा ईओ की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहीद उद्यान में सुबह-शाम अधिकांश लोग आते है और वह अमर जवान स्मारक को देख कर वीर जवानों को याद करेंगे, इससे हृदय में देश प्रेम की भावना जाग्रत होगी।

अमर जवान स्मारक के सम्बन्ध में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि सोल्जर बोर्ड चौराहे पर अमर जवान स्मारक स्थापित होने से रोज जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी। इसके साथ दुर्घटनाओं से बार-बार स्मारक क्षतिग्रस्त होता थी, इसी को ध्यान में रखते हुए तथा सैनिक कल्याण अधिकारी के कहने पर उक्त चौराहे से अमर जवान स्मारक को हटाकर नगर पालिका के सहयोग से शहीद उद्यान में स्थापित कराया गया है। स्मारक यहां सुरक्षित रहेगा तथा स्मारक देखने में लोगों को असुविधा भी नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान पुष्पचक्र अर्पित के उपरान्त अमर जवानों की याद में समस्त उपस्थित अतिथियों ने खडे़ होकर बैण्ड की धुन पर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रगान की धुन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।