देश के संविधान निर्माता की भले ही आज देश भर में जयंती मनाई गई हो और उनको याद किया गया हो लेकिन हरदोई में एक जगह बाबा साहब की प्रतिमा प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है और कीचड़ के बीच खुद के स्वच्छ होने का इंतजार करती रही कि आज कीचड़ से मुक्ति मिल जाएगी । लेकिन किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने उधर नजरें इनायत करना जरूरी नहीं समझा।
कीचड़ के बीच संविधान निर्माता की यह तस्वीर हरदोई की है। जब आज सभी जगह डॉ0 भीमराव रामजी अंबेडकर की जयंती बड़ी धूमधाम व गाजे बाजे के साथ व भंडारे करके मनाई गयी तो वहीं शहर से सटे सैयापुरवा में अंबेडकर की प्रतिमा कीचड़ से बाहर होने की राह तकती रही। तस्वीरें साफ बयान कर रही है कि किस तरह से प्रशासन ने उपेक्षा की है । बाबा साहब एक बड़े से तालाब नुमा कीचड़ के बीच खड़े है और इनका कोई हमदर्द नहीं जो इनके हित मे कुछ सोचता । इनके बारे में न प्रशासन ने ध्यान दिया न ही नगर पालिका ने और न ही अम्बेडकर हमदर्दों ने।