अन्नपूर्णा दुग्ध योजना का हुआ शुभारंभ

भवानीमंडी:- राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सूलिया में सोमवार को समारोह पूर्वक अन्नपुर्णा दुग्ध योजना का शुभारंभ किया गया साथ ही शिक्षक अभिभावक परिषद की बैठक भी आयोजित की। समारोह का शुभारंभ प्रातः 8 बजे माँ शारदे की पूजन व दीप प्रज्वलन कर किया। समारोह के मुख्य अतिथि भामाशाह लक्ष्मीनारायण गुर्जर रहे, विशिष्ट अतिथि भेरूसिंह लोर सरपंच सुरेश मेहर,उपसरपंच दीवान सिंह, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष , शिक्षाविद बंशीलाल पाटीदार व विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी मांगीलाल नागर व कृष्णगोपाल गुर्जर रहे।प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों ने योग व आसनों का शानदार प्रदर्शन किया। योग मन्त्र से योग का प्रारम्भ करवाया गया।प्रार्थना सत्र में शिक्षक व साहित्यकार राजेश कुमार शर्मा ने संबोधित कर योग का महत्व बताया साथ ही अन्नपुर्णा दुग्ध योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने हेतु प्रत्येक विद्यार्थी की शत प्रतिशत उपस्थिति रहने की बात कही। उन्होंने बताया कि सप्ताह में तीन दिन दूध वितरित किया जाएगा।

 

प्रार्थना सत्र के बाद पधारे अतिथियों ने विद्यार्थियों को दुग्ध वितरित किया। दूध पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए।
समारोह में नव प्रवेशी बालक बालिकाओं का तिलक लगाकर उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गई।बोर्ड परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ परिणाम देने वाले छात्र छात्राओं का भी माला पहनाकर सम्मान किया गया।
समारोह में अभिभावकों ने अपने विचार रखे व उनके बच्चों की शैक्षिक प्रगति व विद्यालय के परीक्षा परिणाम की प्रशंसा की। विद्यालय विकास की चर्चा के दौरान विद्यालय में पेयजल हेतु विद्यालय स्टाफ द्वारा पुराने जल स्रोत कुईया की खुदाई के बाद पानी की सुविधा बनाये जाने की सराहना की। समारोह में पंचायत के सरपंच सुरेश मेहर, उपसरपंच दीवान सिंह, नंदलाल मेहर, सहित भामाशाह, जनप्रतिनिधि, अभिभावक विद्यालय का उपस्थित स्टाफ मौजूद रहे। समारोह का संचालन शिक्षक व साहित्यकार राजेश कुमार शर्मा ने किया।