रामू बाजपेयी-
दरियापुर (हरदोई)- शुक्रवार को हरदोई जिले के दरियापुर गाँव के निकट एक कार में चलते चलते अचानक आग लग गयी। देखते देखते कार जलकर ख़ाक हो गयी। आग से निकलने वाली लपटें इतनी भयंकर थीं कि कुछ ही समय में वहाँ पर लोगों का हुजूम उमड़ उठा।
आपको बताते चलें कि पाली थाना क्षेत्र के कछेलिया गांव के रहने वाले सुरेश चंद्र मिश्रा की चार पहिया गाड़ी शुक्रवार को एक कार्यक्रम में लखमापुर गांव गई थी। गाड़ी मनोज गुप्ता चला रहा था। उसके साथ रामकिशोर, सुषमा देवी, गोलू, व रामवती भी गाड़ी में मौजूद थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखमापुर से वापस आते समय दरियापुर गांव के बाहर जैसे ही गाड़ी पहुँची कि उसी दौरान अचानक शार्ट सर्किट की वजह से गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। गाड़ी में आग को देख अफरा तफरी मच गई। देखेते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कार से भयंकर लपटे उठती देख भारी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुँच गए। बड़ी सावधानी से कार चालक मनोज सहित रामकिशोर, सुषमा देवी, गोलू, रामवती ने आग से निकल कर अपनी जान बचाई। इस हादसे में किसी के भी हताहत होने की खबर नही है। हालांकि आग ने कार को अपनी गिरफ्त में लेकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है। सूचना पाकर पुलिस ने भी मौके पर पहुँच कर लोगों से पूछताछ की।