बाल विकास परियोजना की ओर से किया गया गोष्ठी का आयोजन

कछौना, हरदोई : नगर पंचायत कछौना पतसेनी के बारात घर में सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में बाल विकास परियोजना की तरफ से गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने शिरकत की ।

इस दौरान उन्होंने बताया कि बाल विकास परियोजना को प्रभावी बनाने के लिए सरकार प्री-नर्सरी के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है । जिससे नौनिहालों का सर्वागीण विकास होगा । पूर्ववर्ती सरकारों में एक विशेष पुष्टाहार माफिया द्वारा पोषाहार वितरण किया जाता था जिसकी गुणवत्ता काफी खराब होती थी। आए दिन समाचार प्रकाशित होते थे कि पुष्टाहार जानवर खा रहे हैं। सरकार ने वितरण व्यवस्था को बेहतर किया है। ग्राम सभा की महिला समूह जोड़कर उनके द्वारा राशन वितरण का कराया जा रहा है । केंद्र पर धी दूध भी उपलब्ध कराया जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों में बाल विकास परियोजना कार्यालय ज्यादातर किराए के भवनों में संचालित थे वर्तमान सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर केंद्रों को अपने नए भवन मुहैया कराए हैं।

बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि 16 मार्च से 31 मार्च तक सभी केंद्रों पर पोषण पखवाड़ा चल रहा है । यहां पर नौनिहालों, गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं, को बेहतर स्वास्थ्य के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया । आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा बाल विकास परियोजना पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा के द्वारा किया गया । इस दौरान प्रतिभागियों की अच्छे कार्यों की भी सराहना की ।