ग्राम प्रधान ने लेखपाल की जनसुनवाई द्वारा की मुख्यमंत्री से शिकायत

शिकायत के निस्तारण हेतु उच्चाधिकारियों ने शिकायत की जांच सौंपी उसी लेखपाल को

कछौना (हरदोई): विकास खण्ड के ग्राम कुकुही के क्षेत्रीय लेखपाल सुमित कनौजिया द्वारा ग्राम सभा कुकुही, बालामऊ, कछौना देहात सहित कई ग्राम सभाओं में बड़े पैमाने पर फर्जी तरीके से ग्राम सभाओं की नवीन परती ऊसर, बंजर भूमि पर अपात्र व असरदार लोगों के पट्टे किए गए हैं। जिसकी शिकायत ग्राम प्रधान कुकुही ने जनसुनवाई के माध्यम से मुख्यमंत्री से की है।

बताते चलें कि विकास खंड कछौना में पट्टा पत्रावली में ग्राम प्रधान, संबंधित लेखपाल, राजस्व कर्मी द्वारा पट्टा पत्रावली में खेल किया जाता है। उसमें राजस्व कर्मी को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होता है। उसमें ग्राम सभा में कोई भी खुली बैठक नहीं की जाती है। राजस्व कर्मी व भूमि प्रबंध समिति गुपचुप तरीके से पट्टा पत्रावली स्वीकृति करा लेते हैं।

ऐसा ही एक मामला है जिसमें ग्राम प्रधान द्वारा दी गई शिकायत में गाटा संख्या 466, 480, 491, 1258 की दर्जनों गाटा संख्याओं पर गलत रिपोर्ट लगा कर, गांव के असरदार व धनवान लोगों के धारा 67(1) के तहत पट्टा पत्रावली कर दी है। जबकि उक्त गाटा संख्या की भूमि खाली पड़ी है। जिससे ग्राम सभा में सार्वजनिक भूमि पर सरकारी योजनाओं का निर्माण होने में दिक्कत होगी। ग्राम प्रधान द्वारा की गई शिकायत में जिसके खिलाफ शिकायत की गयी, उच्चाधिकारियों ने उसी को उस शिकायत के निस्तारण हेतु जांच सौंप दी। जनसुनवाई द्वारा की गई शिकायत में आरोपी व्यक्ति को ही जांच अधिकारी बनाकर, जाँच अधिकारी शिकायत को दरकिनार करते हुए ग्राम प्रधान पर आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के पुत्र द्वारा गाटा संख्या 1231, 1230 पर अवैध निर्माण कराया गया है। जिस पर ग्राम प्रधान द्वारा क्षुब्ध होकर अनर्गल शिकायतें की जा रही है। ग्राम प्रधान द्वारा की गई शिकायत पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है। कब्जे के आधार पर पट्टे किए गए हैं। जबकि उक्त गाटा संख्या पर वर्तमान समय पर खाली पड़े हैं। ग्राम प्रधान ने कहा कि पूरे मामले को लेकर वह कोर्ट में जाएंगे। दोषी लेखपाल पर कानूनी कार्यवाही न होने तक उनकी लड़ाई चलती रहेगी। वहीं लेखपाल सुमित कनौजिया ने बताया कि हमारे द्वारा कोई पट्टा पत्रावली गलत नहीं की गई है। ग्राम प्रधान द्वारा रंजिशन आरोप लगाए जा रहे हैं।


रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता