चक्रवाती तूफान ओखी तमिलनाडु से दूर चला गया है । मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण अंडमान समुद्र में हवा का कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है । इसके अगले 36 घंटों में एक गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने तथा अगले तीन से चार दिनों के दौरान पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है । इस बीच, दक्षिण-पश्चिम खाड़ी तथा उसके आसपास तमिलनाडु के तट पर ऊपरी हवा के प्रवाह की वजह से पिछले 24 घंटों में राज्य के आंतरिक, मध्य और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश हुई है । तिरुवन्नमलाई के पास सथनुर में 230 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है, जबकि सिरकाज़ी में 190 मिलीमीटर तथा चिदंबरम और अनईक्कारण चैथीराम में 180 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है । ओखी तूफान से लक्षद्वीप में भारी तबाही हुई है । चक्रवाती तूफान लक्षद्वीप से आगे बढ़ रहा है । लक्षद्वीप में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। मिनीकॉय और कलपेनी में सबसे बुरा असर पड़ा है । कई स्थानों पर मकानों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है । प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद के प्रयास किए जा रहे हैं । सभी द्वीपों पर बचाव कार्य जारी है और लोगों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है । तमिलनाडु सरकार ने तूफान के दौरान लापता मछुआरों की तलाश और बचाव के लिए आज केंद्र सरकार से भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल तैनात करने का अनुरोध किया है।