हरदोई के कोतवाली शहर में एक मोहल्ले में इंसानियत शर्मसार हो गयी जब एक नवजात बच्चे के शव को नाली में कुत्ते के द्वारा चबाते देखा। यहां एक मासूम बच्चे का शव कुत्ते नोच रहे थे। स्थानीय लोगों की इंसानियत जागी तो उन्होंने शव को कुत्तों से छुड़ा लिया और फ़ौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने भी बचे हुए शव को कब्जे में लिया और कार्यवाही शुरू कर दी है।
मामला शहर कोतवाली के धर्मशाला रोड के कटियार नर्सिंग होम के पीछे का है। यहां नाली में बह रहे एक नवजात शिशु के शव को कुत्ते द्वारा नोचे जाने की घटना को लेकर सनसनी मच गई। स्थानीय लोगों की नजर जब इस अमानवीय घटना पर पड़ी तो सभी लोग हतप्रभ रह गये। मोहल्ले वालों ने इंसानियत का परिचय देते हुए पहले कुत्ते से बचे हुए शव को छुटाया फिर तत्काल इस बात की सूचना शहर पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गयी है। कुत्ते द्वारा एक नवजात शिशु के शव को खाने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। काफी लोग वहां पहुंच गये उसके बाद कुत्ते को खदेड़ा। इधर पुलिस का कहना है कि शायद किसी ने मृत शिशु के शव को इस इलाके में कहीं फेंक दिया होगा पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। वही मोहल्ले वालों का कहना है कि नर्सिंग होमो में धड़ल्ले से भ्रूण हत्याएं हो रही। नवजात का शव नाली में मिलने का यह पहला मामला नही है बल्कि कई घटनाएं हो चुकी है और अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती है।