कछौना (हरदोई) : विकासखंड कछौना में परिषदीय विद्यालयों में बाल केंद्रित गतिविधियों व 6 से 14 वर्ष के बच्चों में सामाजिक एवं वित्तीय शिक्षा में सशक्तिकरण हेतु प्रयासरत राष्ट्रीय स्तर की पंजीकृत स्वयंसेवी संस्था “मेलजोल” ने गुरुवार को अपने विशिष्ट “अफलातून- सामाजिक एवं आर्थिक शिक्षण कार्यक्रम” के अंतर्गत परियोजना क्षेत्र कछौना के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं व उनके भविष्य निर्माता शिक्षकों को एक दिवसीय उद्यमिता भ्रमण कराया। भ्रमण कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के अंदर उद्यमिता की समझ एवं उद्यमशील बनने की प्रेरणा विकसित करना रहा।
भ्रमण कार्यक्रम में शामिल विद्यालयों में मुख्यतयाः प्राथमिक विद्यालय सुठेना, लोन्हारा, कुकुही एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में उच्च प्राथमिक विद्यालय टिकारी, गाजू, समसपुर, मतुवा, कामीपुर एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सहित कई विद्यालयों के लगभग एक सैकड़ा से ऊपर छात्र-छात्राएं व संबंधित विद्यालयों से लाल बहादुर सिंह (एल.बी.), वैभव शर्मा, जैतून जिया, रेनू देवी, सुनीता देवी, रामनरेश त्रिपाठी, प्रशांत मिश्रा आदि कई शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
उद्यमिता भ्रमण हेतु प्रस्थान को तैयार बसों को प्रभारी निरीक्षक कछौना रायसिंह, मेलजोल संस्था के राज्य परियोजना समन्वयक डॉ० केशन कुमार लहरी, जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष वैभव शर्मा, लाल बहादुर सिंह, रामनरेश त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर “राज्य कृषि प्रबंध संस्थान,रहमान खेड़ा, लखनऊ” को रवाना किया। संस्था के संबंध में डॉ० केशन कुमार लहरी ने बताया कि मेलजोल संस्था उत्तर प्रदेश के हरदोई, बाराबंकी, गोंडा सहित देश के 11 राज्यों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में सुगमता के साथ नवाचार तकनीकियों का प्रयोग करते हुए बाल केंद्रित गतिविधियों के साथ 6 से 14 वर्ष के बच्चों के सामाजिक एवं वित्तीय शिक्षा में सशक्तिकरण हेतु प्रयासरत हैं। संस्था विभिन्न राष्ट्रीय एवं गैर सरकारी संस्थाओं, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के सहयोग व स्थानीय समर्थन से बच्चों के अधिकारों को सुनिश्चित करते हुए उनके चिर-स्थाई विकास की ओर अग्रसर करने का प्रयास कर रही है। अफलातून कार्यक्रम इसी श्रृंखला की एक विशेष कड़ी है। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को परियोजना क्षेत्र कछौना के चयनित कई प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं एवं उनके भविष्य निर्माता शिक्षकों को राज्य कृषि प्रबंध संस्थान, रहमान खेड़ा, लखनऊ के भ्रमण का कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया जिसे सफलतापूर्वक आयोजित करके कार्यक्रम को पूर्ण किया गया।
भ्रमण कार्यक्रम में लगभग 138 छात्र-छात्राओं सहित उनके संबंधित शिक्षक व मेलजोल संस्था के राज्य परियोजना समन्वयक डॉ० केशन कुमार लहरी, कार्यक्रम सुगमकर्ता विवेक कुमार राठौर, वर्तिका कटियार, पूजा, अवलोक श्रीवास्तव, अतुल कुमार, इमरान आदि मौजूद रहे। भ्रमण कार्यक्रम में प्रस्तावित स्थान राज्य कृषि प्रबंध संस्थान रहमान खेड़ा लखनऊ में आकर प्रतिभागी सभी छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने मेलजोल संस्था का आभार प्रकट किया।
रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ