कछौना-हरदोई – जिले के ब्लॉक कछौना के परिषदीय विद्यालयों के विज्ञान अध्यापकों के दल ने विज्ञान विषय को प्रायोगिक रूप से पढ़ाने की रुचिकर विधियों व तकनीक को सीखने के उद्देश्य से खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में जनपद शाहजहांपुर के परिषदीय विद्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया । शैक्षिक भ्रमण के दौरान विज्ञान अध्यापकों ने विद्यालय के विज्ञान अध्यापक से बच्चों को विज्ञान विषय को प्रायोगिक तौर पर पढ़ाने के तमाम तरीकों का ज्ञान प्राप्त किया ।
शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस के मार्गदर्शन में विकासखंड कछौना के परिषदीय विद्यालयों के 14 विज्ञान अध्यापकों का दल एचसीएल के सदस्यों के साथ शैक्षणिक भ्रमण के लिए जनपद शाहजहांपुर के परिषदीय विद्यालय बजहेडा-बजहेडी रवाना हुआ और देर शाम वापस लौटा । खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस द्वारा विज्ञान शिक्षकों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । शैक्षणिक भ्रमण से लौटे खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस ने बताया कि शाहजहांपुर के परिषदीय विद्यालय के विज्ञान अध्यापक प्रदीप राजपूत द्वारा बच्चों को विभिन्न प्रकार के प्रयोगात्मक तरीकों से पढ़ाने के कारण विद्यालय के बच्चों में विज्ञान विषय के प्रति खास रुचि रहती है । शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विकासखंड कछौना के विज्ञान शिक्षकों को प्रयोगात्मक रूप से पढ़ाने की विधियों आदि से रूबरू कराना था । जिससे विज्ञान शिक्षक नए-नए प्रयोगात्मक तरीकों को सीखकर क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाते हुए उनमें विज्ञान विषय के प्रति रुचि पैदा कर सके । खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस ने बातचीत के दौरान बताया कि वह शीघ्र विज्ञान शिक्षक प्रदीप राजपूत को आमंत्रित करेंगे ताकि परिषदीय विद्यालयों के शेष विज्ञान शिक्षक भी उनसे प्रेरणा ले सकें । शैक्षणिक भ्रमण में 14 सदस्यीय विज्ञान शिक्षकों के दल में शामिल विकासखंड कछौना के परिषदीय विद्यालय गाजू की विज्ञान शिक्षिका जैतून जिया ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण के दौरान सभी विज्ञान शिक्षकों ने विज्ञान विषय को प्रायोगिक रूप से सीखने-सिखाने तथा सभी वैज्ञानिक उपकरणों को शून्य निवेश से बनाने के साथ ही विज्ञान विषय के प्रत्येक पाठ को प्रयोगात्मक तरीके से बच्चों को सिखाने की कई विधियां सीखीं और गैर जनपद के प्रसिद्ध परिषदीय विद्यालय की तरह अपने विद्यालय में भी विज्ञान प्रयोगशाला बनाने की प्रेरणा ली ।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस, एचसीएल से मानवेंद्र व भुआल, अनिल भदौरिया, जैतून जिया, धर्मेंद्र, गौरव पांडे, अमित कुमार, कल्पना, वीरेंद्र आदि शिक्षक उपस्थित रहे ।