प्रदेश में बिजली संकट हरदोई से ही उत्पन्न हुआ : मु. म. योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हरदोई शहर के जीआईसी मैदान में जनसभा को संबोधित किया । इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों को निकाय चुनाव में जीत दिलाने की जनता से अपील की ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरदोई के जीआईसी मैदान में चुनावी बिगुल फूंका । उन्होंने मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा के पार्षद और नगर अध्यक्ष बनाने हैं, ताकि यूपी के सभी शहरों का विकास हो सके । उन्होंने कहा कि जनता को भाजपामय प्रदेश बनाना है । विकास के लिये पैसे की कमी नहीं होने दी जायेगी । सरकार गरीबों के लिए काम कर रही है । किसी भी व्यक्ति को खुले आसमान के नीचे नहीं सोने दिया जायेगा । जितना विकास अन्य सरकारों ने 15 साल में नहीं किया है, उससे ज्यादा विकास भाजपा ने अल्प समय में कर दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव नरेश अग्रवाल के कारनामों को इशारों – इशारों में उजागर करते हुए कहा कि बिजली का संकट हरदोई से ही शुरू हुआ था । पूर्ववर्ती सरकारों के मंत्रियों ने घोटाले कर -कर  जनता के पैसों का दुरूपयोग किया । पर अब भाजपा की सरकार है । प्रदेश के किसी भी जिले में बिजली की कमी नहीं होने दी जायेगी । सूबे के लोग हर दिन दीवाली जैसी जगमग रोशनी में रहेंगे । सीएम योगी शहर के जीआईसी मैदान में करीब आधा घंटा रुके ।