राघवेन्द्र कुमार त्रिपाठी ‘राघव’ :
वसंत ऋतु में रंगों की रंगीन फ़िजा के बीच होली का यह त्यौहार भारतीय बड़े ही उल्लास के साथ मनाते हैं । यह पर्व हिंदू पञ्चाङ्ग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है । यह पर्व दो दिवसीय है । इसमें पहले दिन प्रतीकात्मक होलिका जलायी जाती है अर्थात होलिका दहन किया जाता है । दूसरे दिन रंगों की बरसात में सभी डूबकर ख़ुशियां तलाशते हैं और एक दूसरे के गले मिलकर कुशलक्षेम पूछते हैं । यह दिन प्रमुखतः धुलेंडी व धुरड्डी, धुरखेल या धूलिवंदन के नाम से जाना जाता है । वर्ष पर्यन्त की कटुता और वैमनस्यता को इस त्यौहार में त्याग दिया जाता है और गिले-शिकवे मिटाकर गले लगकर मुंह मीठा करने के साथ नयी शुरुआत की जाती है ।
प्रकृति भी इस पर्व में सतरंगी दिखने लगती है । खेतों में गेहूँ की बालियाँ इठलाने लगती हैं। खेतों में सरसों, आम के पेड़ों पर बौर, बाग-बगीचों में फूलों की आकर्षक छटा छा जाती है। पेड़-पौधे, पशु-पक्षी और मनुष्य सब उल्लास से परिपूर्ण हो जाते हैं । भारतीय परम्परा में यह पर्व हजारों वर्षों से मनाया जा रहा है । विंध्य क्षेत्र के रामगढ़ स्थान पर स्थित लगभग ढाई हजार वर्ष पुराने (300 ईसा पूर्व) एक अभिलेख में भी इसका उल्लेख किया गया है।