बदायूँः शासन द्वारा चलाए जा रही विभिन्न प्रकार की लाभकारी सरकारी योजनाओं की बैंकों में भेजी गई लोन के लिए पत्रावलियां शाखा प्रबंधक अधिक समय तक लंबित न रखें। बैंक में अधिक समय तक लोन पत्रावली लंबित रखने पर स्वीकृत मानी जाएंगी।
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक जिलाधिकारी कुमार प्रशांत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। शासन द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजनाएं एक जनपद एक उत्पाद योजना, एक जनपद एक उत्पाद क्लस्टर, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं स्टैण्डअप योजनाओं की उद्योग विभाग द्वारा लोन के लिए भेजी गई पत्रावलियां लंबित होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को कड़े निर्देश दिए कि यदि दो या तीन माह से अधिक शाखा में लंबित पत्रावलियां रहती हैं, तो लोन स्वीकृत माना जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी शाखा प्रबंधक अधिक समय तक लंबित रखने के बाद यदि स्वीकृत नहीं करते है तो जबसे पत्रावली शाखा में गई है उस समय से वेतन नहीं दिया जाएगा तथा फिर भी यदि लोन स्वीकृत नहीं करते है तो शाखा प्रबंधक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी शाखा प्रबंधक यह सुनिश्चित कर ले की जनवरी माह में सभी लंबित पत्रावलियों का लोन स्वीकृत करके वितरित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को कड़े निर्देश दिए कि लोन की पत्रावलियां शाखा में जाते ही समय से स्वीकृत या अस्वीकृत कारण सहित स्पष्ट करें। सरकारी योजनाओं की लंबित में पत्रावलिओं में विलंब करने पर किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नरेंद्र बहादुर सिंह सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार एवं उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र कुमार भास्कर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।