कई नर्सिंग होम्स में छापा, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की हुई जाँच

कछौना, हरदोई। कस्बे में कई क्लीनिक, ढाबा, होटल, विद्यालय व अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अग्नि सुरक्षा के मानकों को ताक पर रखकर संचालित हैं। जिसके कारण आए दिन अनहोनी घटनाएं घटती है। एक ओर जहाँ व्यक्तिगत हानि या जनहानि होती है वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय संपत्ति का नुकसान भी होता है।

अधिकतर अग्निशमन यंत्र खानापूर्ति के नाम पर लगे हैं, जिनमें यूनिट के सिलेंडरों मे वर्षों से गैस रिफिलिंग नहीं हुई है। संचालकों के पास आकस्मिक स्थिति से निपटने का कोई प्रशिक्षण या अनुभव नहीं है।

लखनऊ के लेवाना होटल में आग लगने की घटना ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी। कभी भी कोई अनहोनी घटना घटने पर प्रशासन जांच के नाम पर अभियान चलाकर कर्तव्यों की इतिश्री कर लेते हैं। चंद दिनों बाद अभियान ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। कोई प्रभावी कार्यवाही न होने से व्यवस्था वही पुराने ढर्रे पर चलने लगती है।

अग्निशमन विभाग ने कछौना में संचालित कई नर्सिंग होम में छापा मारकर अग्नि सुरक्षा के नियमों को गहनता से देखा। अग्निकांड से बचाव के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अभियान के दौरान कई नर्सिंग होम के संचालक शटर बंद कर रफूचक्कर हो गए।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता