अगले तीन दिनों तक देश के कई हिस्सों में आंधी और तेज बारिश की चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक देश के कई हिस्सों में आंधी और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य सरकारों ने अधिकारियों से लोगों के जानमाल की सुरक्षा के एहतिहातन उपाय करने को कहा है। मालूम को कि राजस्‍थान में आंधी से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति अब भी सामान्‍य नहीं हुई है। बुधवार को राज्‍य के तीन जिलों आंधी आई थी। मौसम कार्यालय ने अगले 48 घंटों के दौरान कम से कम 26 जिले आंधी और भारी वर्षा से प्रभावित होने की चेतावनी दी है। प्रतापगढ़, जैसलमेर, धौलपुर, हनुमानगढ़ और भरतपुर समेत अन्‍य जिलों में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में जिला प्रशासन ने विभिन्‍न विभागों के अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

उत्तर प्रदेश में सरकार ने आपदा से प्रभावित जिलों के किसानों से राजस्व और बिजली बिल वसूली स्‍थगित करने की घोषणा कर दी है। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से 153 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता के लिए केंद्र को ज्ञापन भेज दिया है। बी‍ती रात आए आंधी-तूफान से लगभग 15 जिलों में जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। आगरा जिला प्रशासन ने जहां पिछले दिनों आए तूफान में सर्वाधिक जान-माल की क्षति हुई है। सरकार को अवगत कराया है कि किसानों की 45 लाख रूपये से अधिक की फसल नष्‍ट हो गई है। एटा प्रशासन ने किसानों को हुए फसल नुकसान के लिए सहायता राशि उपलब्‍ध कराने के लिए 50 लाख रूपये की मांग सरकार से की है।