भाजपा नेता की दबंगई, छेड़छाड़ की रिपोर्ट वापस लेने के लिए पीड़िता के पति पर किया जानलेवा हमला

           हरदोई- शाहाबाद में छेड़छाड़ की रिपोर्ट से नाराज भाजपा नेता ने महिला के पति पर शुक्रवार को दिन दहाड़े सरेआम अपनी लाइसेन्सी बन्दूक से फायर कर जानलेवा हमला किया। फायर मिस हो जाने के कारण पीड़िता का पति बाल-बाल बच गया। पीड़ित देर शाम कोतवाली में भाजपा नेता सहित चार के खिलाफ जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिये तहरीर दी है।
         कोतवाली में दी गयी तहरीर में कहा गया है उसकी पत्नी निराला देवी की ओर से ग्राम मुरीदापुर के भाजपा सेक्टर प्रभारी त्रिलोकी नाथ अग्निहोत्री सहित चार लोगों के खिलाफ छेडछाड कर मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिससे भाजपा नेता नाराज था और गांव के ही अन्य लोगों के माध्यम से महिला के पति पर सुलह लगाने का दबाव बना रहा था। बकौल पारब्रम्ह शुक्रवार की शाम 4 बजे वह घर से अपने साले अनिल कुमार के साथ सब्जी लेने के लिये शाहाबाद आया। बासितनगर चैराहे पर जैसे ही टेम्पो से उतरा वैसे ही भाजपा नेता त्रिलोकी नाथ अग्निहोत्री एवं मोहित दो अज्ञात लोगों के साथ आये और उसे गाली गलौज करते हुये अपनी लाइसेन्सी बन्दूक से उसके ऊपर फायर कर दिया। पारब्रम्ह के अनुसार फायर मिस हो जाने के बजह से वह बाल-बाल बच गया। हमले के दौरान भाजपा नेता रिपोर्ट वापस न लेने पर पूरे परिवार को जान से मार डालने की धमकी दे रहा था। दूसरी ओर भाजपा नेता ने सोशल मीड़िया के माध्यम से कोतवाल व सिपाही हरिश्चन्द्र पर अपने खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाते हुये हत्या की आशंका जताई है। कोतवाल उमाशंकर उत्तम का कहना है कि पीडित द्वारा तहरीर दी गयी है। जांच की जा रही है।