जीआरपी टीम ने लहूलुहान यात्री की जान बचा कर दिया मित्र पुलिस का परिचय

दीपक कुमार श्रीवास्तव, कछौना (हरदोई)

उत्तर रेलवे के बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन की जीआरपी टीम ने मंगलवार देर रात रेलवे स्टेशन पर लहूलुहान अवस्था में पड़े यात्री को ट्रामा सेंटर में भर्ती करा कर उसकी जान बचाते हुए पुलिस मित्र की भावना का परिचय दिया। 

बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के जीआरपी चौकी प्रभारी बलजीत यादव ने बताया कि मंगलवार को लगभग 1 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर वह अपने हमराही कांस्टेबलों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें लहूलुहान और मूर्छित अवस्था में एक यात्री पड़ा मिला। जिसे तत्परता दिखाते हुए जीआरपी बालामऊ टीम द्वारा 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक द्वारा ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जिस पर जीआरपी बालामऊ के कांस्टेबल धर्मेंद्र व कांस्टेबल अनीश कुमार ने एंबुलेंस द्वारा यात्री को ट्रामा सेंटर लखनऊ ले जाकर भर्ती कराया। चौकी इंचार्ज बलजीत यादव ने बताया कि यात्री के पास से एक टूटा मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें पड़े सिम कार्ड को अन्य मोबाइल में डालकर यात्री के परिजनों से संपर्क किया गया।

परिजनों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल यात्री की पहचान संजय (40) पुत्र स्वर्गीय जगदीश निवासी रेलवेगंज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संजय मंगलवार को रेलवे कर्मचारी के रिटायरमेंट कार्यक्रम में शिरकत करने गया था, जिसके बाद देर रात उस के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई। उसे गंभीर चोट कैसे आई यह बात उसके होश में आने पर ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस मित्र की भावना को साकार करने वाली जीआरपी बालामऊ टीम की घायल यात्री के परिजनों, यात्रियों और आम जनमानस ने भरपूर सराहना की है।