प्रयागराज। ‘पं० हेरम्ब मिश्र-स्मृति पत्रकारिता-संस्थान’, प्रयागराज की ओर से मूर्द्धन्य पत्रकार-लेखक पं० हेरम्ब मिश्र की स्मृति मे उनकी पुण्यतिथि १७ दिसम्बर के अवसर पर प्रतिवर्ष पत्रकारिता/मीडिया, साहित्य एवं युवा-पत्रकारिता के क्षेत्रोँ मे दिये जानेवाले शिखर-सम्मानो के लिए सम्बन्धित क्षेत्रोँ मे उल्लेखनीय अवदान करनेवाले विशिष्ट हस्ताक्षरोँ का चयन कर लिया गया है।
संयोजक, व्याकरणवेत्ता एवं भाषाविज्ञानी आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय ने अपनी प्रेस-विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना दी है कि इस वर्ष पं० हेरम्ब मिश्र की पच्चीसवीँ पुण्यतिथि है, इसलिए इस बार दो पत्रकारोँ का सम्मान किया जायेगा। आचार्य पाण्डेय के अनुसार, पत्रकारिता के क्षेत्र मे देश के कई प्रतिष्ठित समाचारपत्रोँ (दैनिक भारत, दैनिक जागरण, हितवाद, ज्ञानयुग प्रभात, स्वतन्त्र भारत, आज और राष्ट्रीय सहारा) मे महत्त्वपूर्ण पदोँ पर रहकर लगभग ३४ वर्ष तक उल्लेखनीय कर्त्तव्य-निर्वहण करनेवाले ७४ वर्षीय पत्रकार राकेश कुमार और दैनिक जागरण, नवभारत, दैनिक भास्कर, देशबन्धु, आज इत्यादिक समाचारपत्रोँ के लिए अपना कुशल दायित्व-निर्वहण करनेवाले ६३ वर्षीय रामलखन गुप्त ‘पत्रकारिताशिखर-सम्मान’; साहित्य के क्षेत्र मे आशिक बहार, भावमंजरी, मतवाला, भोर गीत, अन्तर्नाद, मतवाला की रुबाइयाँ, प्रेरक रामकहानी इत्यादिक कृतियोँ के प्रणेता ८४ वर्षीय शिवराम उपाध्याय ‘मुकुल’ ‘साहित्यशिखर-सम्मान’ एवं स्वतन्त्र चेतना, युनाइटेड भारत, जनमोर्चा, अमृत प्रभात, सहारा समय और वर्तमान मे इण्डिया टुडे-समूह के समाचार-चैनल ‘आज तक’ मे अपना कर्त्तव्य-निर्वहण करनेवाले ४७ वर्षीय पंकज श्रीवास्तव ‘युवा-मीडियाशिखर-सम्मान से सुशोभित किये जायेँगे।
उल्लेखनीय है कि उपर्युक्त विशिष्टजन का चयन करने के लिए एक त्रिसदस्यीय चयन-समिति गठित की गयी थी, जिसमे वरिष्ठ पत्रकार शरद द्विवेदी, संस्थान के निदेशक बंशीधर मिश्र एवं आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय सम्मिलित थे।
Related Articles
काव्यशिल्पी डॉ० दर्शन राही जी का शरीरान्त हुआ!
June 19, 2024
0
प्रकाशक आलोक चतुर्वेदी का निधन
October 11, 2022
0
‘कामायनी’ की काव्य-कमनीयता
June 13, 2024
0