- लाभार्थीपरक योजनाओं से किसी पात्र को वंचित न होने दिया जाये:- पुलकित खरे
विधायक बिलग्राम-मल्लावां आशीष सिंह आशू के पिता जी स्व0 श्री शिवराज सिंह जी की प्रथम पुण्य तिथि तथा डा0 आलोक सिंह ‘नीलू’ की स्मृति में ब्लाक मल्लावां में मिठ्ठू बाबा मैदान पर विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया ।
आयोजन के अवसर पर मंत्री आद्यौगिक विकास विभाग सतीश महाना, मंत्री पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग अनिल राजभर, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा तथा पं0 सुनील भराला, भाजपा नेता विद्याराम वर्मा, जिलाधिकारी पुलकित खरे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आदि ने स्व0 श्री शिवराज सिंह एवं डा0 आलोक के चित्र पर पुष्प अर्पित किये ।
60 दिव्यांगों को ट्राई साईकल, बैसाखी तथा 60 गरीब पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आयुषमान भारत योजना के गोल्डन कार्ड वितरित किये। इस अवसर पर विधायक आशीष सिंह की प्रशंसा करते हुए मंत्री श्री महाना ने कहा कि क्षेत्र की गरीब जनता की सरकारी योजनाओं एवं अन्य माध्यमों से वह जो सेवा कर रहे है वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जनपद ने स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास आदि कार्यो में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, इसके लिए जिलाधिकारी प्रशंसा के पात्र हैं।
मंत्री महोदय ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचायें और योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारर्दशिता बनायें रखें। मंत्री श्री राजभर, मंत्री मुकुट बिहारी एवं मंत्री श्री भराला ने भी लोगों को सम्बोधित करते हुए सरकार की सभी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया तथा विशाल स्वास्थ्य शिविर के लिए विधायक आशीष सिंह की प्रशंसा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी पुलकित खरे ने कहा कि जनपद में सरकार की समस्त योजनाओं का क्रियान्वयन त्वरित व गुणवत्तापरक ढंग कराया जा रहा है । श्री खरे ने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि लाभार्थी परक योजनाओं में किसी पात्र को वंचित न होने दिया जाये और हर पात्र को योजना का लाभ दिया जाये।
इसके उपरान्त मंत्री श्री महाना ने स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन किया तथा चिकित्सकों आदि से वार्ता की। विशाल स्वास्थ्य शिविर में खून, हृदय, कैन्सर, गुर्दा, पेशाब, ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी आदि के मरीजों की बड़ी संख्या में जांच की गयी तथा दवाओं का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एस0के0 रावत, उप जिलाधिकारी बिलग्राम राम विलास यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव कुमार पाठक, खण्ड विकास अधिकारी मल्लावां, क्षेत्राधिकारी बिलग्राम सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति आदि उपस्थित रहे। कम्बल वितरण कार्यक्रम में आये सभी अतिथियों का आभार विधायक आशीष सिंह ने व्यक्त किया।