विजय कुमार-
आज 72वें स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पावन पर्व को बहुत ही हर्षोल्लास के साथ नगर पंचायत कार्यालय अझुवा के ठीक सामने स्थित ऐतिहासिक स्थल गांधी चबूतरा पर मनाया गया।
प्रातः आठ बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ नगर अध्यक्ष श्री अनिल कुमार,अधिशासी अधिकारी श्री सूर्य प्रकाश गुप्ता, समाजसेवी श्री कपूर चंद्र जी, पूर्व अध्यक्षा के प्रतिनिधि श्री ओम प्रकाश कुशवाहा, वार्ड नं 11 के सभासद प्रतिनिधि एवं पत्रकार रवि कुमार वैश्य, राजकुमार केसरवानी जी, अब्दुल कलाम जी,चौकी प्रभारी अझुवा सहित स्थानीय पत्रकार बंधुओं, नगर के सभासदगणों, समाजसेवियों, प्रबुद्धजनों, कार्यालय के सभी कर्मचारियों एवं भारी संख्या मे आए हुए सम्मानित नगरवासियों की उपस्थिति मे संपन्न हुआ।
उपस्थित सभी वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस की महत्ता सहित इसे दिलाने मे अपने प्राणों की आहुति देने वाले एवं जीवन भर त्याग व समर्पण करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण,नमन और वंदन करते हुए उनके अदम्य योगदान पर प्रकाश डाला । मुख्य अतिथि श्री कपूर चंद्र केसरवानी जी ने ऐतिहासिक गांधी चबूतरे की स्मृतियों को ताजा करते हुए अवगत कराया कि कभी इसी स्थान पर नगर के लोग अंग्रेजों से आजादी के लिए किस प्रकार योजनाएं व चर्चाए किया करते थे।
उन्होने कौशांबी के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मौलवी लियाकत अली के स्वतंत्रता हेतु दिए गये योगदान पर भी प्रकाश डाला।
ई.ओ. सूर्यप्रकाश जी ने नगर के विकास एवं जन समस्याओं के बारे मे बोलते हुए कहा कि सभी नगर वासियों की किसी भी समस्या के लिए मै सदैव तत्पर रहता हूं और वह किसी भी समस्या पर कार्यालय मे मुझसे बेझिझक सीधे संपर्क कर सकते हैं।उन्होने सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं को सभी पात्रों तक पहुंचाने एवं नगर के विकास तथा इसे साफ सुथरा बनाए रखने के लिए नगरवासियों से सहयोग एवं सुझाव की अपील भी की।
इस अवसर पर समाजसेवी श्री राजकुमार केसरवानी जी ने देशभक्ति के गीतों को सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुझे भी इस कार्यक्रम मे सम्मिलित होने एवं आए हुए सभी लोगों को संबोधित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। अंत मे नगर अध्यक्ष श्री अनिल कुमार ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया एवं अझुवा के समुचित विकास मे हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा कार्यक्रम मे उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरण एवं जलपान कराया गया।