भारतीय दल ने वेस्टइण्डीज़-दल को तीसरे मैच मे पराजित किया

भारत-वेस्टइण्डीज़.टी-२० क्रिकेट-शृंखला

आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

वेस्टइण्डीज़-द्वारा भारत की लगातार ठोंकाई करने के बाद तीसरे मैच से होश मे आने की १०० प्रतिशत सम्भावना बढ़ चुकी है; अन्तत:, ८ अगस्त को गुयाना के प्रॉविडेंस स्टेडियम मे खेले गये पाँच मैचों की शृंखला के तीसरे मैच मे वेस्टइण्डीज़-दल को ७ विकेटों से पराजित कर, भारतीय दल १-२ से अभी पीछे है।

सूर्यकुमार यादव (४४ गेंदों मे ८३ रन― १० चौक्के-४ छक्के ) होश मे आ चुके हैं। उन्हें ‘प्लेयर ऑव़ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया था। ऐसा प्रतीत होता है, जबकि शुभमन गिल (६ रन) और पहली बार इस मैच को खेल रहे यशस्वी जायसवाल (१ रन) बेहोश दिख रहे हैं, वहीं तिलक वर्मा (३७ गेंदों मे अविजित ४९ रन) का पराक्रम जारी है। कप्तान हार्दिक पाण्ड्या ने १५ गेंदों मे अविजित २० रनो का योगदान किया था।

टॉस जीतने के बाद भारतीय दल ने क्षेत्ररक्षण करने का चुनाव किया था। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए, वेस्टइण्डीज़-दल ने २० ओह्वरों मे ५ विकेटों मे कुल १५९ रन बनाये थे, जिसमे बैडन किंग का ४२ रनो का योगदान था। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने ३ विकेट लिये थे। भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए, १७.५ ओह्वरों मे ३ विकेटों पर १६४ रन बना लिये थे। वेस्टइण्डीज़ के गेंदबाज़ अल्ज़ारी जोसेफ़ ने २ विकेट लिये थे।

भारतीय दल को इस शृंखला पर अधिकार पाने के लिए शेष दोनो मैच जीतने होंगे, जबकि वेस्टइण्डीज़ के एक मैच जीतते ही, उसका शृंखला पर अधिकार हो जायेगा; क्योंकि वह पहली बार भारत को टी-२० मैच मे लगातार दो बार पराजित करते हुए, शृंखला मे २-१ से अग्रता अर्जित कर ली है।

चित्र-विवरण :– भारतीय दल को विजय दिलानेवाली तिलकराज वर्मा और सूर्यकुमार यादव की जानदार जोड़ी।
(सर्वाधिकार सुरक्षित― आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; ९ अगस्त, २०२३ ईसवी।)