निर्माणाधीन गो-आश्रय स्थल व क्रीड़ा स्थल का बीडीओ ने किया मुआयना, जल्द से जल्द कार्य पूरा कराने के लिए निर्देश

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना(हरदोई): विकास खंड कछौना की ग्राम सभा पतसेनी देहात में निमार्णाधीन गौ-आश्रय स्थल व क्रीडा स्थल का खंड विकास अधिकारी ने मुआयना किया और मातहतों को जल्द से जल्द कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए ।

बताते चलें कि सामाजिक कार्यकर्ता परमेश्वर दयाल गुप्ता के द्वारा कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, सांसद अशोक रावत की मौजूदगी और जिलाधिकारी पुलकित खरे की अध्यक्षता में तहसील संडीला में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर जन समस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन दिया गया था। जिसमें लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर कोतवाली कछौना व केदारनाथ फिलिंग स्टेशन के पास आवारा गौवंशो की स्थाई मौजूदगी के चलते आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं और क्षेत्र के खेलकूद मैदानों पर अवैध कब्जो के कारण ग्रामीण क्षेत्र की खेलकूद प्रतिभाओं का सर्वांगीण विकास अवरुद्ध होने की समस्या का जिक्र किया गया था। कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने खंड विकास अधिकारी को तत्काल संबंधित ग्राम सभा पतसेनी देहात में गौ-आश्रय स्थल बनवाने और खेलकूद मैदानों को अवैध कब्जों से मुक्त कराकर सुंदरीकरण कराने का निर्देश दिया था। खंड विकास अधिकारी के निर्देश पर ग्राम प्रधान शिवपाल व सचिव किरन यादव ने दोनों कार्यों को शुरू कर दिया। गौ-आश्रय स्थल के लिए चारागाह की 26 बीघा भूमि को खाली कराकर बाउंड्री वाल करा दी गयी। वहीं खेलकूद के मैदान को कब्जामुक्त कराया गया। इन कार्यों के शुरू होते ही ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी की झलक दिखाई पड़ी। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीणों को आवारा पशुओं से निजात मिलेगी। वहीं खेलकूद के मैदानों के कब्जा मुक्त होने से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों का संवर्धन होगा और उन्हें एक मंच मिलेगा।

इस निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान शिवपाल, सचिव किरन यादव, सद्दाम हुसैन, उज्जवल यादव, रोजगार सेवक, रजनीश कुमार व पहलाद सहित आसपास के गांव के कई ग्रामीण मौजूद रहे ।