बदायूँ: स्वास्थ्य मंत्री ने औचक रूप से जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री के पहुँचने पर अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सर्जीकल वार्ड के शौचालय में गंदगी देख मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल में गंदगी को बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रोजाना गुणवत्तापूर्वक सफाई होना चाहिए तथा दिनों के अनुसार बेडशीट बदलनी चाहिए।
गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण के राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने नगर विकास राज्यमंत्री/सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, बिसौली विधायक कुसाग्र सागर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय के साथ जिला पुरुष एवं महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजैंसी, ओपीडी, सर्जीकल, एक्स-रे, अल्ट्रासाउण्ड सहित अन्य वार्डाें का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी के बारे में जाना। उन्होंने जनरन वार्ड में पहुंचकर मरीजों एवं उनके तीमारदारों से उनके मर्ज और इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि अगर सफाई की यह व्यवस्था है तो मैं सफाई व्यवस्था से सहमत नहीं हूँ। सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने तीमारदारों से चिकित्सक द्वारा मरीजों को देखने एवं अस्पताल की ओर से दिए जाने वाले भोजन के बारे में भी जाना। उन्होंने पूछा कि अस्पताल में किसी प्रकार का कोई शुल्क तो नहीं लिया जाता है। तीमारदारों के जवाब पर मंत्री ने संतुष्टि जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सक मरीजों को समय-समय पर जाकर उनका हाल जानते रहे। उन्होंने कहा कि बेहतर से बेहतर इलाज करें, मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता है। सभी प्रकार की दवाइयां मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध कराई जाएं। किसी मरीज को बाहर मडीकल से दवाई न लिखी जाए। ध्यान रखें कि किसी भी मरीज को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के समय तक कल 19 एक्स-रे हुए थे, एक्स-रे कराने वालों के मोबाइल नम्बर ले लिए हैं, जिनसे पूछा जाएगा कि उनसे किसी प्रकार का कोई शुल्क तो नहीं लिया गया है। राज्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस बात की चिंता है कि कोरोना के अलावा और किसी अन्य बीमारी के इलाज से कोई वंचित न रहे इसके लिए प्रदेश के मंत्री सभी जनपदों का दौरा कर रहे है। सरकार ने एल1, एल2, एल3 तीनो तरह के बेड तैयार कर रखे है। प्रदेश के हर जिले में ट्रूनाॅट और बन्टीलेटर मशीन मौजूद है, प्रदेश सरकार ने कोरोना के खात्मे की तैयारी कर रखी है।