● भुक्तभोगी ने पुलिस कप्तान से लगाई न्याय की गुहार
कौशाम्बी : पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के रसूलाबाद निवासी भुक्तभोगी ने अपहरणकर्ताओं की आए दिन जान से मारने की धमकी से आजिज आकर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी से न्याय की गुहार लगाई है।
बताते चलें कि भुक्तभोगी राजन पुत्र रामआसरे निवासी रसूलाबाद थाना पुरामुफ्ती रोजी रोटी कमाने के लिए पुरामुफ्ती में पान की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। रोज की तरह 29 सितंबर को पान की दुकान खोल रखा था।भुक्तभोगी राजन ने बताया कि रात आठ बजे लेडू प्रधान निवासी मातपुर, रामनरेश सरोज (बिजली का ठेकेदार) निवासी पुरामुफ्ती व दो अज्ञात साथी दुकान पर आए और गाली गलौज कर जबरन रामनरेश सरोज के घर के कमरे में बंद कर बेरहमी से सभी ने मिलकर मारा पीटा। उसी रात राजन के घर नहीं पहुंंचने पर परिजनों ने पुरामुफ्ती थाना में सूचना दिया। पुलिस ने लेद्दू प्रधान को फोन किया। लोकेशन के आधार पर टिकरी कछार के जंगल में पहुंच पुलिस ने अपहरण कर्ताओं के चंगुल से भुक्तभोगी को मुक्त कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। लेकिन थाना में लिखित तहरीर देने के बाद भी अपहरण कर्ताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। जिससे भुक्तभोगी को आए दिन जान से मारने की धमकी अपहरणकर्ता खुले आम देते हैं और कहते हैं कि मुकदमा दर्ज कराया तो तुझे जान से मार डालेंगे। भुक्तभोगी धमकी से आजिज आकर 3 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी अभिनन्दन सिंह को लिखित प्रार्थना पत्र देकर अपहरणकर्ताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग व सुरक्षा की गुहार लगाई है ।
–शिव सागर मौर्य