देश की मुस्लिम बहनों के लिए अभिशाप बने तीन तलाक़ से उन्हें अब मिलेगी मुक्ति

आदित्य त्रिपाठी –

ट्रिपल तलाक बिल के पारित होने के बाद तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं । कुल मिलाकर तीन तलाक़ पर बनने जा रहा यह कानून मुस्लिम महिलाओं पर थोपे गये वैधव्य से मुक्ति दिलाएगा । बिल के राज्यसभा से भी पारित होने के बाद गृह मंत्री अमित भाई शाह ने कहा कि इस अवसर पर मैं देश भर की मुस्लिम बहनों को तीन तलाक के अभिशाप से छुटकारा मिलने पर बधाई देता हूँ । इस ऐतिहासिक निर्णय से मोदी सरकार ने देश की मुस्लिम महिलाओं के लिए अभिशाप बने तीन तलाक से उन्हें मुक्ति देकर समाज में सम्मान से जीने का अधिकार दिया है।

बिल के कानून बनने की राह साफ़ होने के बाद प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी ने कहा कि तीन तलाक बिल किसी मत, मजहब और जाति के लिए नहीं है बल्कि नारी गरिमा और उनके सम्मान की रक्षा के लिए है । मुस्लिम समुदाय में व्याप्त तलाक़ रूपो विभीषिका के नाश के लिए यह आवश्यक था । मैं महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करता हूं और मुझे उम्मीद है कि हम इस दिशा में अनवरत बढ़ते रहेंगे।