जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते, मानकों को दरकिनार कर किया जा रहा आरसीसी रोड निर्माण

जिला अधिकारी के आदेशों को दरकिनार कर मनमाने तरीके कराया जा रहा आरसीसी रोड निर्माण कार्य

पीयूष तिवारी–

बेनीगंज, हरदोई– विकासखंड अहिरोरी में पड़ने वाले नयागांव, पट्टी, कैथीपुरवा, भाने कुइयां करीमनगर, रौतापुर जाने वाले आठ किलोमीटर लम्बे सड़क मार्ग का मरम्मतीकरण-निर्माणकार्य प्रधानमंत्री योजना मद के तहत कराया जा रहा है। इसी सड़क मार्ग पर भाने कुइयां गांव में नाली, आरसीसी रोड निर्माण कार्य में हुई अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। निर्माण कार्य निर्धारित मापदंड के तहत नहीं कराया जा रहा है, जिसको लेकर वहां के ग्रामीणों में रोष व्याप्त हैं।

ग्रामीण बताते हैं कि यहां निर्माणकार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। मानकविहीन सामग्री व पीला ईंटा का उपयोग किया जा रहा है। वही मंदिर के पास बनी आरसीसी रोड से पानी निकासी के लिए जेई ने कंक्रीट ड्रेन पाइप डलवाने की बात कही थी, मगर ऐसा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने एक स्वर में आवाज उठाई है कि मानकविहीन निर्माणकार्य रोका जाए। हालांकि शासन-प्रशासन की ओर से साफ तौर पर दिशा-निर्देश हैं कि निर्माणकार्य में गुणवत्ता का ख्याल रखा जाए। फिलहाल वहां जब मीडिया की टीम निर्माणकार्य के समय मौके पर पहुंची तो नजारा कुछ और ही देखने को मिला। ठेकेदार व मेट की अनुपस्थिति में मनमाने तरीके से निर्माण कार्य किया जा रहा था। यहां कार्य की देखभाल करने वाले बड़े लाल शुक्ला ने बताया कि निर्मा कार्य मानक के अनुसार कराया जा रहा है, ग्रामीणों के आरोप बेबुनियाद हैं। प्रधानमंत्री योजना मद के तहत नयागांव से रौतापुर तक 8 किलोमीटर संपर्क मार्ग पर मरम्मत कार्य हो रहा है, जिसमें अट्ठाईस सौ मीटर आरसीसी रोड निर्माण कार्य होना सुनिश्चित हुआ है। जहां पहले से बनी आरसीसी रोड जर्जर अवस्था में है वहां पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जो मानकानुसार के अनुसार कराया जा रहा है।