कछौना (हरदोई): जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सण्डीला तहसील में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिसमें लगभग 180 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राप्त जन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। जिसमें जांच आख्या गलत लगाए जाने पर शासन स्तर से मॉनीटरिंग होने पर, दोषी पाए जाने पर, सख्त कार्यवाही की जाएगी। सुबह से ही पुरुष, महिलाओं व दिव्यांग जनों की लंबी कतारें लग गईं। जिलाधिकारी के 12:30 बजे विशेष कार्य से चले जाने के बाद समाधान दिवस में अव्यवस्थाओं का अंबार लग गया। अधिकारी अपने-अपने मोबाइल में मशगूल हो गए। संपूर्ण समाधान दिवस में ब्लॉक के आधा दर्जन सभासदगण रंजीत राव, प्रदीप गुप्ता, हाजी जमील अहमद, राजेंद्र ने कछौना में आधार कार्ड केंद्र शीघ्र चालू कराने की मांग की।
महमदपुर (महरी) निवासी ठकुरी सिंह ने भूमि की थाक बंदी की मांग की। मोहल्ला इमलीपुर निवासी कन्हैया लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग की। पूर्व प्रधान मोहम्मद शाहिद निवासी त्यौरी मतुआ ने दर्जनों ग्रामीणों के साथ ग्रामसभा में फर्जी तरीके से गलत लोगों का आवासीय पट्टा की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में उपजिलाधिकारी को जांच कर दोषी लेखपाल के खिलाफ कार्यवाही का निर्देश दिया।
लालपुर निवासी लालता सिंह ने शिकायत की, कि ग्रामसभा में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा किसानों की सिंचाई के लिए पक्की नाली निर्माण कराया गया था, जो वर्तमान समय में अवैध कब्जा के कारण मौके पर पूरी तरीके से गायब हैं।
सेमरा कलां (महरी) निवासी बिपिन कुमार ने बताया कि स्कूल की बाउंड्री अराजकतत्वों द्वारा तोड़ दी गई, लेकिन पुलिस निष्पक्ष जांच न कर निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्यवाही कर रही है।
हिन्दू युवा वाहिनी के सूरज पांडेय ने कछौना में सुठेना बाई पास मार्ग बनवाने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण हेतु आप अपने सम्बन्धित जनप्रतिनिधियों से सम्पर्क करें। बघौड़ा निवासी श्याम लाल ने पत्नी की मृत्यु सर्प दंश से हो गई थी, परन्तु पोस्टमार्टम न कराये जाने के कारण उसे दैवीय आपदा के तहत मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। नौरा निवासी तारावती ने बताया कि उसकी भूमि पर गांव के दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। महिला अनीषा निवासी भानपुर इंदिरा आवास योजना के तहत दूसरी किस्त का अभी तक भुगतान न होने के कारण दर-दर भटकने को मजबूर है।
संविदाकर्मी देश राज निवासी हिन्दू खेड़ा विद्युत लाइन पर कार्य करते समय गम्भीर रुप से घायल हो गया था, जिसका बायां पैर काट दिया गया है, उसने अपने इलाज व विभाग में कोई विकलांगता के आधार पर व दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने इस समस्या को गम्भीरता से सुना और सम्बन्धित अधिकारियों को सहयोग करने का कड़ा निर्देश दिया।
राजस्व लिपिक साधना ने तहसीलदार पर आरोप लगाते हुए शिकायत की, कि वह उनका मानसिक उत्पीड़न करते हैं। दो-दो पटल पर कार्य करने के लिए बाध्य करते हैं। विरोध करने पर एफआईआर की धमकी देते हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने ए०डी०एम० को जांच का निर्देश दिया।
उत्तर प्रदेश के लेखपाल संघ के अध्यक्ष सत्यपाल व मंत्री सुशील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में समस्त लेखपालों ने 12 बिंदुओं का ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया, सुनवाई न होने पर कार्य बहिष्कार की बात कही। टिकारी ग्राम प्रधान सत्यपाल सिंह ने ग्रामसभा में किसानों को आवारा पशुओं से निजात के लिए गौ-आश्रय स्थल की मांग की।
इस अवसर पर जिला प्रशासन से लेकर तहसील प्रशासन, पुलिस प्रशासन व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। परिसर में लगे दिव्यांग कैम्प में दूरदराज के लोगों ने आकर दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु परीक्षण कराया।