बावन (हरदोई) : थाना लोनार क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार की रात भैलामऊ गांव में चोरों ने दो घरों में चोरी करके लाखों का माल पार किया है । चोरी की सूचना के 2 घंटे बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की ।
भैलामऊ में शेर सिंह पुत्र शंकर सिंह अपने दो बेटे अभिषेक सिंह और योगेश सिंह के साथ गांव में ही रहते हैं और गेहूं चावल खरीदने का धंधा फ्लोर मिल में करते हैं । बीती रात यह सब लोग अपने परिवार के साथ कमरों में सो रहे थे । एक कमरा बंद था जिसमें ताला पड़ा हुआ था । चोर छत के रास्ते से आए और कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे बक्से का ताला तोड़ा और नगदी सहित जेवरात उठा ले गए । अभिषेक सिंह के मुताबिक डेढ़ लाख रूपय नगद तथा 25 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी के जेवर उठा ले गए हैं, 10 नई साड़िया भी थी । सब चीजों की कीमत लगभग 10 लाख रुपए है ।
दूसरी घटना गांव के कोटेदार नत्थू लाल के यहां हुई । उनके यहां भी इसी तरह से चोरी हुई है । 20 हजार नकद के साथ आठ लाख तक के कीमती सोने चांदी के जेवर चोरी हो गए । इन लोगों की चोरी की जानकारी सुबह 3:00 बजे हुई । अभिषेक सिंह ने 100 नंबर पुलिस को सूचना दी और कोतवाली के सीयूजी नंबर पर सूचना दी । डायल 100 पुलिस 40 मिनट बाद आ गई लेकिन थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ 2 घंटे बाद पहुंचे । जबकि भैलामऊ थाने से मात्र 5 किलोमीटर पर स्थित है । चोरी की इस घटना के बाद गांव में सनसनी फ़ैल गयी । घटना के बाद से दोनों घरो में मातम छा गया है । दोनों परिवार रोते बिलखते नजर आये । घटना के संबंध में थानाध्यक्ष नजमुल हसन नकवी ने बताया कि दोनों घरों में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है । जांच पड़ताल चल रही है जल्द ही घटना को खोलने का प्रयास किया जाएगा ।