बिलग्राम में अधेड़ की हत्या का हुआ खुलासा, दो हत्यारोपी गिरफ्तार तमंचा, कारतूस व ईंट बरामद

  • 6 जनवरी को हैबतपुर निवासी देवीप्रसाद की हुई थी हत्या ।
  • पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट के बाद कर दी थी तमंचे व ईंट से कूचकर निर्मम हत्या ।

हरदोई- बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर में 6 जनवरी को हुई अधेड़ देवीप्रसाद की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक तमंचा, कारतूस व ईंट बरामद की है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है। एसपी ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते मारपीट के बाद हत्या कर दी गयी थी।

        बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर में लाला रामकृपाल के ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों में देवीप्रसाद का रक्त रंजित व कुचला हुआ शव 6 जनवरी को पड़ा पाया गया था। देवीप्रसाद के पुत्र अरविंद के मुताबिक वह 5 जनवरी की शाम से लापता थे। हत्या का मुकदमा महेंद्र, आकाश व राहुल के विरुद्ध अरविंद ने कोतवाली में दर्ज कराया था। इसके खुलासे के लिए एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देशन व एएसपी ज्ञानजंय सिंह व सीओ बिलग्राम के निकट पर्यवेक्षण में टीम लगाई गई थी।

         मामले का खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर कोतवाल बिलग्राम अमरजीत सिंह व उनकी टीम ने हत्या के दो आरोपी आकाश व राहुल उर्फ सन्दीप को जरौली नहर पुलिया के पास से वैफरिया रोड से गिरफ्तार किया और उनके पास एक तमंचा व ईंट यूकेलिप्टिस की झाड़ियों से बरामद की गई। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश के चलते मारपीट हुई थी । जिसके बाद कुचलकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।एसपी ने बताया कि आकाश के विरुद्ध कन्नौज में चोरी का मुकदमा भी दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी ने पुरस्कृत किया है ।