टेण्डर में देरी व नयी व्यवस्था से असुविधा के कारण उपभोक्ताओं को समय से नहीं मिल रहा राशन

कछौना, हरदोई। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन व्यवस्था नई चालू की गई। अब कोटेदारों को राशन सीधे पहुंचेगा, उन्हें गोदामों से राशन नहीं उठाना पड़ेगा। परंतु नई व्यवस्था के कारण भारतीय खाद्य निगम के गोदामों से कोटेदारों तक निर्धारित समयावधि से उठान न होने के कारण उपभोक्ताओं को जून माह का द्वितीय चरण का अभी तक राशन नहीं मिल पाया है।

पूर्ति निरीक्षक संडीला पुष्पकांत यादव ने बताया टेण्डर में देरी होने व नई व्यवस्था लागू होने में असुविधा होने के कारण राशन समय से नहीं मिल पा रहा है। शीघ्र व्यवस्था सही करके इस माह के अंत तक उपभोक्ताओं को राशन मुहैया कराया जाएगा। इस व्यवस्था से गोदामों पर कोटेदारों से हो रही अवैध कटौती पर विराम लग जाएगा। उपभोक्ताओं को पूरा राशन मिलेगा। इस योजना के तहत अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को गेहूं, चावल के साथ प्रति कार्ड एक किलो आयोडीन नमक, एक किलो दाल व एक लीटर खाद्य तेल देने का प्रविधान है।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता