कछौना व गौसगंज मंडल में संपन्न हुआ भाजपा का संगठनात्मक चुनाव

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई) – उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया पूरे प्रदेश में जारी है, जिसका आगाज 13 अक्टूबर से हो चुका है। पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार पारदर्शिता से संगठनात्मक चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रदेश के सभी मंडलों में चुनाव अधिकारी की मौजूदगी में मंडल अध्यक्ष, मंडल कार्यसमिति व जिला प्रतिनिधि पदों पर नामांकन किया जाना है।

इसी क्रम में सोमवार 14 अक्टूबर को जनपद हरदोई के कछौना मंडल की चुनाव प्रक्रिया मंडल चुनाव अधिकारी मधुर कुमार शर्मा व सह चुनाव अधिकारी अमित शुक्ला की देखरेख में विकासखंड कछौना के ग्राम महरी स्थित ब्रह्मा सिंह कुशवाहा इंटर कॉलेज में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मंडल अध्यक्ष पद के लिए अनूप दीक्षित, नवीन पटेल, सत्य प्रकाश अस्थाना, सुमन सिंह, मयंक सिंह सहित कुल 14 लोगों ने और मंडल कार्यसमिति के लिए कुल 25 लोगों ने नामांकन पत्र भरा। वहीं जिला प्रतिनिधि के लिए योगेंद्र भैया, ब्रह्म कुमार सिंह, लालता सिंह, डॉक्टर सुशील गुप्ता ने नामांकन किया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मंडल अध्यक्ष पद हेतु नामांकन के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा नामांकन भरने वाले दावेदारों के लिए दो बार सक्रिय सदस्य रहने की अनिवार्यता का मानक तय किए जाने के बावजूद मंडल अध्यक्ष के लिए भरे गए कुल 14 नामांकनों में से कई दावेदार ऐसे रहे जो दो बार सक्रिय सदस्य नहीं रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान बूथों के बूथ अध्यक्ष, भाजपा कछौना मंडल के पदाधिकारियों के साथ जिला सह चुनाव अधिकारी रमेश तूफानी भी चुनाव की विशेष मॉनिटरिंग के लिए मौजूद रहे।

भाजपा कछौना मंडल अध्यक्ष ब्रह्म कुमार सिंह ने बताया कि रविवार 13 अक्टूबर को पार्टी नेतृत्व द्वारा नवनिर्मित गौसगंज मंडल में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी वीरेंद्र कुमार मिश्रा की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जिसमें मंडल अध्यक्ष पद के लिए तीन लोगों नरेंद्र पटेल, इंद्रपाल कुशवाहा और अनूप सिंह ने नामांकन किया वहीं जिला प्रतिनिधि पद के लिए एकमात्र नामांकन श्रवण कुमार कनौजिया द्वारा चुनाव अधिकारी को सौंपा गया। चुनाव संपन्न कराने के उपरांत चुनाव अधिकारी द्वारा नामांकन पत्र व कागजात हरदोई स्थित जिला कार्यालय पर जमा कर दिए गए हैं जो आगे की कार्यवाही के लिए क्षेत्रीय व प्रदेश कार्यालय भेजे जाएंगे।

चुनाव अधिकारी ने नाम वापसी के घोषणा पत्रों पर दावेदारों से कराए हस्ताक्षर

सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार कछौना व गौसगंज मंडल में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के दौरान चुनाव अधिकारी ने मंडल अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले दावेदारों से एक ऐसे घोषणापत्र पर हस्ताक्षर लिए जिस पर यह अंकित था कि वह स्वेच्छा से अपना नामांकन वापस ले रहा है। इस जानकारी से भारतीय जनता पार्टी जो पारदर्शी चुनाव का ढिंढोरा पीटती रहती है। उसके द्वारा अपनी पार्टी के संगठनात्मक चुनाव में कितनी पारदर्शिता बरती जा रही है यह पता चलता है।