अन्तर्द्वन्द्व से परे
● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
[अभी-अभी मेरे विचारलोक मे एक साथ इतने शब्दचित्र उतरने लगे कि तज्जनित/तज्जन्य (‘तद्जनित’ अशुद्ध है।) विविध भाव/रस का प्लावन होने लगा और उसकी राशि की निष्पत्ति अधोटंकित रूप मे लक्षित होने लगी :—]
मन की गाँठ
तन के तन्तुओं की अझुराहट को,
नागफनी के बाहुपाश मे धकेले जा रही है।
बूढ़े कोटर मे लुका-छिपा उल्लू–
अपने भीतर की मर्दानगी तलाश रहा है।
चहकती-बहकती फ़ज़ा;
अंग-प्रत्यंग को मरोड़कर;
अँगड़ाई लेना भूल रही है।
ख़ामोश आवाज़
अपनी ही परछाईं पर,
लट्ठ ले पिल पड़ी है।
वर्जना क्रीतदासी-सी
अवगुण्ठनवती हो;
विरुदावली की जाप कर रही है।
अपने भीतर की ख़ामोशी को पीता
और उसके धुएँ को,
अपनी नस-नस मे दाख़िल कराता;
बुद्धिबल पर जीनेवाला वाग्मी,
अपनी निरीहता को सहलाये जा रहा है।
छद्म प्रशस्ति-शब्दसागर मे
नख-शिख निमग्न चतुर मूर्ख;
आत्ममुग्ध हो,
अपने पाये-अघाये चरित्रमानस के कुण्ड मे
डूबते-उतराते आचरण की सभ्यता की
पटकथा लिखता मन्त्र-मुग्ध-सा है।
मरीचिका का दृष्टि-अनुलेपन
पाप की काया-छाया को
भस्मीभूत कर,
अनंग बनाने के लिए तत्पर है।
हमारी नस-नस की फड़क और तड़क
निरर्थक और औचित्यहीन दिशा मे
चलती हवा से दूरी बना,
अपना पाथेय स्वयं बनेगी;
क्योंकि वह,
देश-काल-परिस्थिति-पात्र की रचना
अपने अनुकूल करती आ रही है।
हमारा मानस,
संकेतदासत्व की परम्परा का पोषक नहीं
और न ही किसी जड़ता मे आबद्ध
पराधीन पुजारी।
(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयाग; ७ अगस्त, २०२२ ईसवी।)