डॉ.अन्नपूर्णा सिसोदिया ‘अमन’-
विद्यालय जाते समय आजकल सड़क के दोनों ओर सजे खेतों में गेहूं की बालियों की स्वर्ण लहरियों का मनमोहक दृश्य देख उपजे भाव..धन्यवाद प्रकृति इतना देने के लिए –
फागुनी बयार के स्वागत में
खेतों में
गेहूं की सुनहरी बालियाँ
हवा के साथ
छन-छन की ध्वनि संग लहराती
इठलाती
नूपुर बाँध पैरों में
जैसे कोई अल्हड़ भागी जाती
धरती पर प्रकृति ने
रचा है स्वर्ण सागर ये
बिना किसी तिजोरी
असल स्वर्ण बिखरा है
झूमती ये स्वर्ण लहरियाँ
सूर्य किरणों से दमकती
कभी इधर बहती
कभी उधर बहती
झुकती उठती
खिल-खिल जाती धरती
अठखेलियों से इनकी
माना कुछ दिन में
काट दी जाएंगी
इनका स्वर्ण हो जाना
इस सौंदर्य के समाप्ति की घोषणा है
फिर भी
खुद मिट कर
सबकी भूख मिटायेंगी
प्रकृति का हर रूप अनूठा
कुछ देने का भाव लिए
हर रूप नया उत्साह लिए…