डकैती व अन्य कई वारदातों को अंजाम देने वाले एक 10 हजार के इनामी अपराधी को मंझिला पुलिस ने एक तमंचा कारतूस व डकैती में गई एक अंगूठी के साथ गिरफ्तार किया है।यह डकैती में वांछित था।
एएसपी निधि सोनकर ने पुलिस लाइन में बताया कि कई वारदातों को अंजाम देने वाला शातिर बदमाश कल्लू पुत्र राशिद निवासी ग्राम चैना थाना मंझिला पुलिस के हत्थे मुखबिर की सूचना पर उस समय चढ़ गया जब वो आझी तिराहे पर किसी वारदात को अंजाम देने के फिराक में था।मंझिला पुलिस व स्वाट टीम ने उसको गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे एक सोने की अंगूठी एक 315 बोर का तमंचा व दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
एएसपी ने बताया कि इस अपराधी ने अपने साथियों के साथ 16 जुलाई 17 को थाना मंझिला के ग्राम करसुआग्रान्ट के सुखदेव सिंह के घर दुस्साहसिक डकैती समेत कई वारदातों को अंजाम दिया था।बताया कि इसने परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली थी।इसके चार शातिर साथी पहले ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए थे जबकि यह फरार चल रहा था।इसके ऊपर 10 हजार का इनाम था तथा कई अभियोगों में वांछित था ।