पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक व निष्पक्ष कराये जाने हेतु प्रशासन ने कमर कसी

कछौना (हरदोई): 15 अप्रैल को होने वाले पंचायत चुनाव के मतदान को शांतिपूर्वक व निष्पक्ष कराए जाने हेतु प्रशासन ने कमर कस ली है। ब्लॉक सभागार कछौना का उपजिला अधिकारी मनोज श्रीवास्तव निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य के नामांकन पत्र अलग-अलग काउंटर पर बिक्री होना शुरू हो गये हैं। नामांकन पत्रों को आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कराया जाएगा। नामांकन के लिए आवश्यक अभिलेख नामांकन पत्र, शपथ प्रमाण पत्र, अदेयता प्रमाण पत्र जिला पंचायत, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत के लगेंगे। जिनके लिए उम्मीदवारों से कर्मियों द्वारा जमकर अवैध वसूली की जा रही है। नाम ना छापने की शर्त पर एक कर्मी ने बताया कि चुनाव संपन्न कराने के लिए ब्लॉक स्तर पर धनराशि की व्यवस्था निजी साधनों से करके देना है। साथ में मतदाता सूची आवेदक व प्रस्तावक की स्वप्रमाणित लगेगी। एक फोटो आवेदक की व एक फोटो प्रस्तावक की लगेगी। आरक्षित पद में जाति प्रमाण पत्र भी लगेगा। चालान शुल्क के लिए चालान फॉर्म नम्बर 385 भरकर ट्रेजरी बैंक में जमा करना है। बैंक कई दिन से बंद चल रही है जिससे आवेदक दर-दर भटक रहे हैं। इस समस्या पर उपजिलाधिकारी ने बताया कि रसीद बुक की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्होंने परिसर में बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत को ब्लॉक परिसर में साफ सफाई रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी विपिन चौधरी, एडीओ पंचायत मेवाराम व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

ख़बर- पी.डी. गुप्ता