कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने किसानों को लेकर सत्तापक्ष को लताड़ा

सिद्धान्त सिंह :

लखनऊ के कांग्रेस कार्यालय में राज्यसभा सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसानों ने भारतीय जनता पार्टी को हराने का पूरा मन बना लिया है। क्योंकि सत्तारूढ़ दल अपने वादे निभाने में पूर्ण रूप से नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल में गन्ने का भाव सिर्फ 25 रुपये बढ़ाने का सरकारी फैसला स्पष्ट दर्शाता है कि यह सरकार किसानों के कल्याण को लेकर कितनी गंभीर है।

उन्होंने कहा कि किसानों को न तो उनकी उपज का सही दाम मिल रहा है न ही उनको वह मान-सम्मान मिल रहा है जिसके वे हकदार हैं। देश भर के किसान पिछले 307 दिनों से 3 नये कृषि कानूनों के खिलाफ सड़कों पर आन्दोलनकर रहे हैं। इस दौरान धरनों पर 600 से ज्यादा किसानों की जान चली गई, लेकिन भाजपा सरकार किसानों से बात करने, उनकी बात सुनने तक को राजी नहीं है जो दिखाता है कि बीजेपी सरकार का असली एजेंडा क्या है। किसानों की बदतर हालत बयां करते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा सबसे ज्यादा किसानों को उठाना पड़ा है। 2014 के बाद से किसानों पर कर्ज बढ़कर लगभग दोगुना हो गया है। सरकार ने खुद संसद में माना है कि 31 मार्च, 2014 को किसानों पर कुल बकाया कर्ज 9.64 लाख करोड़ रुपये था जो 31 मार्च, 2021 तक बढ़कर 16.84 लाख करोड़ रुपये हो चुका है।