हरदोई– एक हफ्ते पहले मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के रुकैया पुरवा में बबूल के पेड़ पर अज्ञात किशोरी के लटकते मिले शव की घटना का अनावरण न होने के कारण परिजन ने प्रदर्शन किया है। पुलिस के मनमाने रवैये के कारण कार्रवाई न करने पर दर्जनों ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में परिजन ने रेप के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए 4 लोग के खिलाफ तहरीर दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
बिलग्राम तहसील क्षेत्र के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के रुकैया पुरवा में जयरामपुरवा मजरा रामपुर निवासी एक महिला ने कोतवाली में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पुत्री उम्र 15 वर्ष 4 अप्रैल को खेत से गेहूं काटकर शाम 7 बजे वापस घर आ रही थी। गांव से दक्षिण दिशा में 1 किलोमीटर पहले तालाब के पास अक्षय कुमार, मुकेश कुमार, अजय कुमार निवासी लोनार मजरा शाहपुर पवार ने पकड़ कर उसका रेप किया और उसकी हत्याकर बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर लटका दिया।
बीते गुरुवार को बाइक से दिन में 3 बजे पीड़िता के घर जाकर आरोपित अक्षय के चाचा सेवाराम निवासी लोनार मजरा शाहपुर पवार ने गालीगलौज किया और जान से मार की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि उसकी पुत्री के प्राइवेट पार्ट व चेस्ट पर चोट के काले निशान दिखाई दे रहे थे। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से पीड़ित के परिजन चार दर्जन से अधिक ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे। कोतवाल को प्रार्थनापत्र देकर मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया।
कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जो दोषी होगा उसको गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा ।