दीपक कुमार श्रीवास्तव :
कछौना (हरदोई)। भाजपा कछौना मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा शनिवार को कोरोना संकटकाल के दौरान क्षेत्र में दिन-रात ड्यूटी कर अपना फर्ज निभा रहे कोतवाली कछौना के कर्मवीर पुलिस कर्मियों और क्वॉरेंटाइन सेंटर पर कार्यरत राजस्व कर्मियों को फूल माला पहनाकर व धन्यवाद पत्र देकर सम्मानित किया गया। लॉकडाउन के दौरान उनके कार्य की सराहना करते हुये हौसला अफजाई भी की।
कोतवाली कछौना परिसर में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना वारियर्स पुलिस कर्मियों को सम्मानित करने के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते जब से लॉकडाउन हुआ है तब से लेकर आज तक निरंतर पुलिसकर्मी एक योद्धा बनकर दिन-रात लोगों की सेवा में काम कर रहे हैं। इस आपातकाल में सभी पुलिस कर्मचारी व अधिकारियों ने अपनी ड्यूटी को कर्तव्य, निष्ठा, लगन व इमानदारी से निभाया है। 24 घंटे दिन-रात, धूप छांव में खड़े होकर कोरोना लॉक डाउन को सफल बनाया है। आज भी यह कोरोना योद्धा अपनी जान की परवाह ना करते हुए अपनी ड्यूटी पूरी मुस्तैदी के साथ निभा रहे हैं। लोगों को किसी प्रकार का कोई कष्ट ना हो, उसका भी ध्यान रख रहे हैं। जिला मंत्री भाजपा अजय शुक्ला ने कहा कि आज हमारे देश के लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है कि इस कोरोना वायरस महामारी के बीच में भी हमारे पास पुलिस प्रशासन जैसे योद्धा हैं, जो विषम परिस्थितियों में भी देश के प्रति अपनी जान न्यौछावर करने के लिए पीछे नहीं हटते हैं और देश के प्रति संघर्ष करते हैं। वही मंडल महामंत्री शिवम मिश्रा ने लोगों से अपील करते हुए सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क लगाने आदि का पालन करें और पुलिस का सहयोग एवं आदर के साथ हमेशा सम्मान करने की बात कही।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राय सिंह यादव ने पुलिस कर्मियों के उत्साहवर्धन और हौसला अफजाई के भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल समेत समस्त कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता योगेंद्र भैया, मंडल उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश अस्थाना, जिला मंत्री अजय शुक्ला, विजय सिंह, शिवम मिश्रा, अनूप सिंह, सुंदरम मिश्रा, सौरभ शुक्ला, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष रामेंद्र शुक्ला, अनिल द्विवेदी, प्रेम यादव सहित कई भाजपा कार्यकर्ता व प्रभारी निरीक्षक सहित कोतवाली पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।